उत्तरकाशी और बागेश्वर में लगे भूकंप के तेज झटके; 4.2 रही तीव्रता, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
उत्तरकाशी/बागेश्वर। उत्तराखंड के उत्तरकाशी और बागेश्वर जनपदों में शनिवार रात अचानक आए भूकंप के तेज झटकों से हड़कंप मच गया। रात करीब 8 बजकर 7 मिनट पर अचानक धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई। उत्तरकाशी जनपद मुख्यालय सहित यमुनोत्री घाटी और बागेश्वर के विभिन्न इलाकों में कंपन महसूस होते ही लोग तुरंत अपने घरों से बाहर खुले स्थानों की ओर भागने लगे। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी प्रकार के जन-धन के नुकसान की खबर नहीं है।
4.2 मापी गई तीव्रता; बसुंगा के जंगलों में था केंद्र
आपदा प्रबंधन विभाग उत्तरकाशी से मिली जानकारी के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.2 दर्ज की गई है, जबकि बागेश्वर जिले में इसकी तीव्रता 2.8 मापी गई। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जनपद मुख्यालय के समीप स्थित बसुंगा गांव के जंगलों में जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था। यमुनोत्री घाटी के खरसाली गांव में तीर्थ पुरोहितों के अनुसार, झटके इतने तीव्र थे कि घरों के अंदर रखे टीवी और अन्य सामान हिलते हुए साफ दिखाई दिए।
प्रशासन अलर्ट; जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य
उत्तरकाशी के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं ने बताया कि भूकंप के झटके महसूस होते ही सभी तहसीलों, थानों और पुलिस चौकियों से तुरंत रिपोर्ट जुटाई गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोरी और पुरोला क्षेत्र में झटके महसूस नहीं हुए हैं और पूरे जनपद में स्थिति पूरी तरह से सामान्य बनी हुई है। कहीं से भी किसी प्रकार के नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। संवेदनशील हिमालयी क्षेत्र होने के कारण प्रशासन ने लोगों से भूकंप के समय धैर्य रखने, मजबूत सतह के नीचे शरण लेने और बहुमंजिला इमारतों में लिफ्ट का प्रयोग न करने जैसी सावधानियां बरतने की अपील की है।

