
राजू अनेजा, नैनीताल।अक्सर संकट के समय अफवाहें हालात को और ज्यादा बिगाड़ देती हैं, लेकिन नैनीताल जिले में गैस सिलेंडर को लेकर फैली किल्लत की चर्चाओं के बीच प्रशासन के एक तेज-तर्रार अधिकारी ने हालात को संभालकर लोगों को राहत देने का काम किया।
अपनी कर्तव्यनिष्ठा और मजबूत कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले अपर जिला अधिकारी विवेक राय ने गैस संकट की अफवाहों को फैलने से पहले ही नियंत्रित करने का प्रभावी प्रयास किया और लोगों तक सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करवाई।
दरअसल, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण देश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलेंडर की संभावित किल्लत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं फैलने लगी थीं। सोशल मीडिया पर भी गैस की कमी और कालाबाजारी की खबरें तेजी से वायरल हो रही थीं, जिससे आम लोगों में चिंता बढ़ने लगी थी।
सोशल मीडिया से लेकर धरातल तक सक्रिय दिखे एडीएम
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए एडीएम विवेक राय ने न केवल सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरूक किया, बल्कि खुद मैदान में उतरकर गैस एजेंसियों और आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी की। उन्होंने साफ संदेश दिया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।
हेल्पलाइन और ऐप के जरिए घर तक पहुंची राहत
प्रशासन की ओर से विभिन्न हेल्पलाइन नंबर और ऑनलाइन बुकिंग ऐप की जानकारी लोगों तक पहुंचाई गई, ताकि उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के घर बैठे गैस सिलेंडर मिल सके। इसके साथ ही गैस एजेंसियों को भी निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या कृत्रिम किल्लत पैदा न होने दी जाए।
जनता से धैर्य और सहयोग की अपील
एडीएम विवेक राय ने आम उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि कृपया धैर्य रखें और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता पिछली बार गैस प्राप्ति के 25 दिन बाद ही ऐप के माध्यम से बुकिंग करें। यदि किसी कारणवश डीएससी (डिलीवरी स्लिप/कोड) नहीं आता है तब भी उपभोक्ताओं को रसोई गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ता गैस एजेंसी पर केवल बुकिंग के लिए जाएं, सिलेंडर लेने के लिए अनावश्यक लाइन न लगाएं। इसके अलावा उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि काला बाजारी, गैस डाइवर्जन या अवैध रिफिलिंग अपराध है, इसलिए कोई भी व्यक्ति ऐसे कार्यों में लिप्त न हो।
जनता के बीच बनी भरोसे की तस्वीर
एडीएम विवेक राय की सक्रियता और संवेदनशील पहल से जिले में गैस को लेकर फैल रही अफवाहों पर काफी हद तक विराम लगा है। प्रशासन की मुस्तैदी के कारण उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर मिलने लगा है और लोगों के बीच भरोसे का माहौल बना है।
संकट की इस घड़ी में एडीएम विवेक राय की तत्परता ने यह साबित कर दिया कि मजबूत प्रशासनिक इच्छाशक्ति के आगे अफवाहों की आंच ज्यादा देर तक नहीं टिक पाती।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

