मां बनी ‘शेरनी’, गुलदार के जबड़े से छीन लाई अपना लाल! दिल दहला देने वाली घटना के बाद दहशत का माहौल

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा,काशीपुर।जंगल किनारे बसे गांव में सोमवार शाम उस वक्त दिल दहला देने वाला मंजर सामने आया, जब घर के पास घात लगाए बैठे गुलदार ने पांच साल के मासूम पर झपट्टा मार दिया। गुलदार बच्चे को अपने जबड़ों में दबाकर जंगल की ओर ले जाने लगा, लेकिन मां की ममता के आगे वह ज्यादा देर टिक नहीं सका। बच्चे की चीख सुनकर मां दौड़ी और शोर मचाते हुए गुलदार के पीछे भागी। आखिरकार गुलदार बच्चे को छोड़कर जंगल में भाग गया।

घटना जसपुर-ठाकुरद्वारा मार्ग पर स्थित दलपतपुर गांव की है। यहां मुख्य सड़क से करीब 100 मीटर जंगल की ओर रवि नामक मजदूर का घर है। सोमवार शाम करीब 7:30 बजे रवि मजदूरी पर जाने लगा तो उसका पांच वर्षीय पुत्र मोक्ष मोबाइल की जिद करने लगा और घर के बाहर खड़ंजे पर खड़ा होकर रोने लगा।
इसी दौरान पास के जंगल में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक झपट्टा मारकर मासूम मोक्ष को अपने जबड़ों में दबा लिया और जंगल की ओर भागने लगा।
बच्चे की चीख और गुलदार की गुर्राहट सुनते ही मां पिंकी घर से बाहर निकल आई। अपने कलेजे के टुकड़े को गुलदार के मुंह में देखकर वह बिना डरे उसके पीछे दौड़ पड़ी और जोर-जोर से शोर मचाने लगी। मां की बहादुरी और शोर से घबराकर गुलदार रास्ते में ही बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल मोक्ष को तुरंत मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे के कान और गले पर गुलदार के दांत व पंजों के गहरे घाव हैं। फिलहाल बच्चे की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची और बच्चे का हालचाल लिया। ग्रामीणों में घटना के बाद दहशत का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से इलाके में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
रेंजर महेश बिष्ट ने बताया कि मामला ठाकुरद्वारा रेंज (यूपी क्षेत्र) का है। बीट अफसर को मौके पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की हिदायत दी गई है।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

यह भी पढ़ें 👉  गैरसैंण कूच में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, काशीपुर से पहुंचे वरिष्ठ नेता अनुपम शर्मा का भाजपा पर जुबानी हमला

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें