करंट लगने से युवक की मौत, सदमे में मां ने उठाया खौफनाक कदम, विधायक ने UPCL पर लगाए गंभीर आरोप

खबर शेयर करें -

पौड़ी: पौड़ी जिले के नैनीडांडा ब्लॉक के कुटिंडा गाँव में एक दुखद घटना सामने आई है। ऊर्जा निगम में दैनिक श्रमिक के रूप में कार्यरत 27 वर्षीय अनिल नेगी की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इस खबर से गाँव में शोक की लहर दौड़ गई, लेकिन इससे भी बड़ी त्रासदी तब हुई जब बेटे की मौत की सूचना मिलने पर गाँव में रह रही उनकी मां लीला देवी ने मानसिक आघात में आकर एक खौफनाक कदम उठा लिया, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।


ऑन-ड्यूटी पर हुई थी अनिल की मौत

जानकारी के अनुसार, बीती 16 जून की शाम को कुटिंडा गाँव निवासी अनिल नेगी रिखणीखाल क्षेत्र में विद्युत लाइन की मरम्मत के लिए पोल पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गौरतलब है कि अनिल के पिता रणजीत सिंह भी विद्युत विभाग में कार्यरत हैं और दोनों रिखणीखाल में एक साथ रह रहे थे।

यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर में विजिलेंस का बड़ा एक्शन: 20 हजार की रिश्वत लेते कनिष्ठ अभियंता रंगे हाथ गिरफ्तार, वीडीओ पर भी गिरेगी गाज

सदमे में मां ने उठाया बड़ा कदम

बेटे अनिल की मौत की खबर जब गाँव में रह रही उनकी मां लीला देवी को मिली, तो वह गहरे अवसाद में चली गईं। इस सदमे में लीला देवी ने एक खौफनाक कदम उठा लिया, जिसके बाद उन्हें देर रात गंभीर अवस्था में कोटद्वार के बेस चिकित्सालय लाया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत को स्थिर बताया है। अनिल की मौत के बाद पूरे गाँव में शोक की लहर है और स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में मानसून की दस्तक से पहले बदला मौसम का मिजाज: कई जिलों में झमाझम बारिश, पौड़ी-पिथौरागढ़ समेत 3 जिलों में 'यलो अलर्ट' जारी

विधायक दिलीप रावत ने UPCL पर लगाए लापरवाही के आरोप

इस घटना पर लैंसडाउन विधायक दिलीप रावत ने उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, “मेरे विधानसभा में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई है। वो ऑन ड्यूटी पर था और यह बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण है। यह यूपीसीएल की घोर लापरवाही है।”

विधायक ने आगे कहा कि वर्तमान में यूपीसीएल में बहुत बड़ी लापरवाही हो रही है, और आरोप लगाया कि “पैसा लेकर उन्हें (अधिकारियों को) पोस्ट बांट दी गई है।” उन्होंने बताया कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में विद्युत सब डिवीजन में जेई कहीं से तो एसडीओ कहीं से आए हैं और कहीं पर भी प्रॉपर काम नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने यूपीसीएल के एमडी से शिकायत की, लेकिन उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

यह भी पढ़ें 👉  राहगीरों को ठंडा पानी पिलाने से पहले रिश्वत से अपनी प्यास बुझा रहे थे जेई साहब, विजिलेंस ने फेर दिया अरमानों पर पानी

यह घटना ऊर्जा निगम की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाती है।


Ad