उत्तराखंड : मेले के दौरान भीड़ के ऊपर एक विशालकाय पेड़ गिरा, हादसे में पचास वर्षीय व्यापारी की दर्दनाक मौत
पर्वतीय क्षेत्रों में बदल रहे मौसम के बीच शनिवार की दोपहर आए तेज अंधड़ से जिले भर में अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। रानीखेत के कैंट स्थित कालू सैयद मजार के पास चल रहे उर्स मेले के दौरान भीड़ के ऊपर एक विशालकाय पेड़ गिर गया। मेले में लगी दुकानों के टेंट तेज हवा से साथ उखड़ गए। हादसे में एक पचास वर्षीय व्यापारी की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि अलग अलग स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाओं के कारण 12 लोग घायल हो गए। जिनमें से चार गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
शनिवार की दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। करीब डेढ़ बजे के आसपास तेज आकाशीय गर्जन के साथ अंधड़ शुरू हो गया। इस दौरान रानीखेत में चल रहे उर्स मेले में भीड़ पर एक विशालकाय पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने के कारण कई लोग उसकी चपेट में आ गए। मेले में लगी दुकानों के टेंट और उनमें रखा सामान तेज हवाओं के साथ उड़ गया। चारों और अफरी तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक अशोक धनकड़ के नेतृत्व में कोतवाली रानीखेत पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
छावनी परिषद, स्थानीय प्रशासन व अग्निशमन दस्ते के जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ को हटाकर सभी घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए नागरिक चिकित्सालय में भर्ती कराया। इस हादसे में व्यापारी देवल मजवासी (46) पुत्र टीकाराम निवासी स्वार, रामपुर, उत्तर प्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। नागरिक चिकित्सालय रानीखेत में चिकित्सकों ने घायलों का उपचार किया और गंभीर रूप से घायल केलाखेड़ा बाजपुर निवासी कमरू खान व बमस्यूं निवासी गोलू और कृष्णा को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

