उत्तराखंड : डूब रही युवती को बचाने के लिए नहर में कूदे कांग्रेस कार्यकर्त्ता की हुई मौत
विकासनगर : कोतवाली अंतर्गत पुल नंबर दो मोक्ष धाम के पास डूब रही युवती को बचाने के लिए शक्तिनहर में कूदे कांग्रेस कार्यकर्त्ता का शव ढकरानी पावर हाउस के इंटेक से मंगलवार सुबह बरामद हो गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर शाम सात से आठ बजे के बीच पुल नंबर दो के पास एक युवती डूब रही थी। तभी नहर किनारे कार से जा रहे कांग्रेस कार्यकर्त्ता शुभम भटनागर (28) निवासी डाकपत्थर ने डूबती युवती को बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। इसी बीच वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने रस्सी डालकर युवती को बचा लिया, लेकिन शुभम को नहीं बचा पाए और वह डूबकर लापता हो गया।

सूचना पर कोतवाल शंकर सिंह बिष्ट मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे और टार्च की रोशनी में सर्च आपरेशन चलाया।मंगलवार सुबह पुलिस ने फिर से सर्च आपरेशन शुरू किया। इसी बीच जल विद्युत उत्पादन केंद्र ढकरानी के कर्मियों ने पुलिस को इंटेक में किसी व्यक्ति का शव होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव निकलवाया। स्वजन ने शव की शिनाख्त शुभम भटनागर के रूप में की। शुभम माता पिता का बुढ़ापे का एकमात्र सहारा था। शुभम की तीन साल पहले शादी हुई थी। उसकी डेढ़ साल की एक बेटी है।
शुभम की मौत से पूरा परिवार टूट गया है। उधर, बाजार चौकी प्रभारी किशन देवरानी ने बताया कि पहले से नहर में डूब रही युवती को बचाने के लिए युवक नहर में कूदा, लेकिन डूब गया, जबकि युवती को कुछ ग्रामीणों ने रस्सी फेंक कर बचाया था। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
छह दिन बाद बरामद हुआ शव
कोतवाली पुलिस ने शक्तिनहर में डूबकर लापता हुए ढकरानी के युवक का शव छह दिन बाद मंगलवार को ढलीपुर पावर हाउस के इंटेक से बरामद कर लिया है। बता दें कि बीते गुरुवार को इनाम (22) निवासी वार्ड 11 ढकरानी गांव के समीप ही शक्तिनहर में नहाते समय डूब कर लापता हो गया था। उसकी तलाश को एसडीआरएफ व जल पुलिस की टीम रोजाना सर्च आपरेशन चला रही थी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

