उत्तराखंड : चिकन करी में पीस कम होने से भड़के दो युवकों ने रेस्टोरेंट संचालक दंपती पर फायर झोंका, मुकदमा दर्ज
चिकन के पीस कम मिलने से भड़के दो युवकों ने रेस्टोरेंट संचालक दंपती पर फायर झोंक दिया। खुद को हरियाणा के मंत्री का रिश्तेदार बताकर गालीगलौज करते हुए भाग निकले। पुलिस ने जानलेवा हमले के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।

साथ ही कार के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रेमनगर निवासी अशोक सेन क्षेत्र में करी किंगडम नाम से रेस्टोरेंट चलाते हैं। अशोक की पत्नी भी काम में उनका हाथ बंटाती हैं। वह शुक्रवार रात 11 बजे रेस्टोरेंट बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच रेस्टोरेंट के सामने एक कार आकर रुकी। अशोक के मुताबिक, कार से उतरे दो युवक काफी नशे में लग रहे थे। दोनों अंदर आकर बैठ गए और चिकन करी ऑर्डर किया। खाने के बाद भुगतान करने लगे तो इस बात पर गुस्सा हो गए कि अशोक ने उन्हें चिकन के पीस कम दिए थे।
इस पर अशोक ने कहा कि इस वक्त आप नशे में हैं। अगले दिन आओगे तो फ्री में चिकन खिला दूंगा। इस बात पर दोनों युवक आगबबूला हो गए। एक ने अपनी जेब से पिस्तौल निकाल ली और अशोक की पत्नी पर तान दी। अशोक युवक के पैरों पर गिर गए और वहां से जाने के लिए कहने लगे। लेकिन, एक युवक ने खुद को हरियाणा के मंत्री का रिश्तेदार बताकर धौंस दिखानी शुरू कर दी।
अशोक का कहना है कि युवक फायर करने ही वाला था कि उन्होंने उसके हाथ को ऊपर की ओर कर दिया। इससे फायर हवा में हो गया और उनकी पत्नी की जान बच गई। एसओ प्रेमनगर पीडी भट्ट ने बताया कि शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

