
राजू अनेजा,काशीपुर। वर्षों से बदहाल पड़ी काशीपुर-रामनगर रोड को आखिरकार नई जिंदगी मिलने जा रही है। लंबे इंतजार के बाद सड़क निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है, लेकिन इसके साथ ही शहर में “श्रेय की सियासत” भी तेज हो गई है।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में महापौर दीपक बाली ने घोषणा की कि किमी 0 से 24 तक रामनगर रोड के निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है। करीब 16.81 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के लिए शासनादेश (GO) जारी हो गया है। एक सप्ताह के भीतर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और 10 अप्रैल के आसपास टेंडर जारी होने के बाद मई के दूसरे सप्ताह में निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
महापौर ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को देते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सक्रियता और केंद्र स्तर पर पहल के कारण ही यह लंबे समय से लंबित प्रस्ताव मंजूर हो पाया।
सालों की समस्या अब सुलझने की उम्मीद
रामनगर रोड लंबे समय से गड्ढों, धूल और जाम की समस्या से जूझ रही थी। आम जनता के साथ-साथ व्यापारियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में इस मंजूरी से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
फिलहाल टू-लेन से राहत, फोरलेन अभी प्रक्रिया में
महापौर ने स्पष्ट किया कि फिलहाल टू-लेन सड़क का निर्माण प्राथमिकता पर किया जाएगा ताकि जल्द राहत मिल सके। वहीं फोरलेन परियोजना भी प्रक्रिया में है, लेकिन भूमि अधिग्रहण और वन विभाग की औपचारिकताओं के चलते इसमें करीब 2 से 2.5 साल का समय लग सकता है।
रेलवे ओवरब्रिज पर भी बढ़ी उम्मीदें
रामनगर रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज को लेकर भी सकारात्मक संकेत मिले हैं। पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा के अनुसार, यह परियोजना दिसंबर 2026 तक पूरी होने की संभावना है, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलेगी।
रोडवेज, ISBT और अतिक्रमण पर भी बोले महापौर
प्रेस वार्ता में रोडवेज बस अड्डे की बदहाल स्थिति और पानी की समस्या पर भी चर्चा हुई, जिस पर महापौर ने जल्द समाधान का भरोसा दिया। साथ ही नए ISBT के लिए बाजपुर रोड और मुरादाबाद रोड पर जमीन चिन्हित करने की बात कही।
चैती मेला क्षेत्र में अतिक्रमण और तहबाजारी को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम के तय शुल्क—₹50, ₹75 और ₹150—में कोई बदलाव नहीं किया गया है और कहीं भी गलत वसूली पाई जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

