महिला ने हल्द्वानी निवासी कांग्रेसी नेता के खिलाफ कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा करवाया दर्ज
हल्द्वानी: देहरादून की रहने वाली एक महिला ने हल्द्वानी निवासी कांग्रेसी नेता के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है. वहीं, पुलिस ने कांग्रेस नेता के खिलाफ धारा 420 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मामले में देहरादून के इंदिरा नगर निवासी गीता पंत ने हल्द्वानी कोतवाली में पुलिस को तहरीर देते हुए कहा है कि मूल रूप से अल्मोड़ा और हाल निवासी लोहरियासाल निवासी कांग्रेस नेता प्रशांत भैसोड़ा से हल्द्वानी के दुर्गा सिटी सेंटर में वर्ष 2010 में एक हॉल खरीदा था, जिस वक्त यह डील हुई उस समय कांग्रेस नेता ने कहा कि रजिस्ट्री बाद में की जाएगी. उन्होंने भरोसे के चलते अभी तक रजिस्ट्री नहीं कराई थी और बिना रजिस्ट्री के ही काम चल रहा था.
गीता पंत ने तहरीर में कहा है कि नैनीताल बैंक हल्द्वानी के कर्मचारी कुर्की का नोटिस लेकर जब उनके पास पहुंचे तब पता चला कि कांग्रेस नेता ने इस हॉल की रजिस्ट्री कागज को बैंक लोन में बंधक में रखा है. वहीं, अब इस मामले में महिला ने कांग्रेस नेता के खिलाफ पुलिस में तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है. हल्द्वानी कोतवाली प्रभारी अरुण सैनी ने बताया कि कांग्रेस नेता के खिलाफ धारा 420 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, पूरे मामले की जांच की जा रही है.

