अजब गजब : लंगूर बाइक और ऑटो से लिफ्ट ले लेकर पहुंचा अपने साथियों तक
गिरिडीह. क्या आपने कभी किसी लंगूर को इनसान की तरह किसी बाइक और ऑटो सवार से लिफ्ट लेकर अपने गंतव्य तक जाते हुए देखा है? संभवत: नहीं देखा होगा, लेकिन आप इस बात पर भरोसा नहीं कर पाएंगे कि लंगूर ने भी इनसानों की तरह लिफ्ट ली.
मामला अविश्वसनीय है, लेकिन पूरा सच है. यह नजारा गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड का है. जो भी इस घटना का चश्मदीद रहा, उसके लिए यह अनोखा और अदभुत अनुभव था. तिसरी चौक की जिंदगानी प्रतिदिन की भांति आज भी अपनी रफ्तार पर थी. तभी एक लंगूर चंदौरी की तरफ जा रही एक बाइक पर आकर इस तरह बैठ गया जैसे कोई इंसान किसी से लिफ्ट मांग रहा हो. हालांकि लंगूर को गाड़ी पर बैठता देख बाइक सवार सहम गया. फिर लंगूर किसी दूसरी, फिर तीसरी बाइक पर उछलकर कभी सवार के आगे तो कभी पीछे जा कर बैठता रहा. पर कोई उसे नहीं ले गया.

फिर लंगूर को तिसरी के ही LIC एजेंट प्रवीण बरनवाल की बाइक उधर जाती दिखी, तो वह लपककर उनकी बाइक पर बैठ गया. उन्हीं की बाइक पर एक इन्सान की तरह बैठकर लगभग 5 किलोमीटर की दूरी तय करके लंगूर चंदौरी पहुंचा. फिर लंगूर चंदोरी से पलमरुआ जाने के लिए बाइक से कूदकर उधर जा रहे एक ऑटो में चालक की सीट के बगल में आम सवारी की तरह बैठ गया. बताया जाता है कि लंगूर को पलमरुआ ही जाना था, जहां उसके समूह के कई साथी मौजूद थे.
हालांकि लंगूर की इस गतिविधि ने लोगों का घंटों मनोरंजन किया. लोग इस लंगूर को लिफ्ट देने के लिए आतुर दिखाई दिए. हालांकि लंगूर अपनी ही मर्जी से गाड़ियों पर उछल-उछल कर बैठता था और कुछ दूरी के बाद सफर करने के बाद फिर दूसरी गाड़ी पर बैठ जाता था.

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

