घास लेने गई महिला पर गुलदार का हमला, मौत; पिथौरागढ़ के भंडारीगांव में भी आदमखोर का आतंक जारी

खबर शेयर करें -
पौड़ी/पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पौड़ी-श्रीनगर मोटरमार्ग पर खंडाह के समीप तरुली गांव (बछेली ग्रामसभा) में जंगल में घास काटने गई 48 वर्षीय महिला को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में वन विभाग की कार्यप्रणाली के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

जंगल में घास काट रही महिला पर किया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम तरुली गांव निवासी बीना देवी अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाकर बैठे गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया और उन्हें गहरी झाड़ियों की तरफ खींच ले गया। महिला के साथ मौजूद अन्य साथियों ने जब शोर मचाया, तो गुलदार शव को कुछ दूरी पर छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। शाम को ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला के शव को अपने कब्जे में लिया।
घटना की सूचना मिलने के बावजूद वन विभाग की टीम के समय पर मौके पर न पहुंचने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। पौड़ी की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि सूचना मिलते ही संबंधित रेंजर और वन विभाग की टीमों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया था, तथा डीएफओ व वे खुद भी मौके पर पहुंच रहे हैं।

पिथौरागढ़ के भंडारीगांव में भी जारी है दहशत

दूसरी ओर, पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट स्थित भंडारीगांव में घर के आंगन से नौ साल के मासूम बच्चे को उठाकर मौत के घाट उतारने वाला आदमखोर गुलदार घटना के छह दिन बाद भी वन विभाग की पकड़ से दूर है। गुलदार की लगातार सक्रियता से डरे ग्रामीणों और महिलाओं ने बच्चों को स्कूल भेजने में असमर्थता जताते हुए वन विभाग के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान दान सिंह मेहता ने बताया कि गुलदार अब भी लगातार गांवों के आसपास मंडरा रहा है, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है। ग्रामीण दोनों ही मामलों में आदमखोरों को तुरंत पकड़ने और सुरक्षा पुख्ता करने की मांग कर रहे हैं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  दूषित पानी से बीएससी छात्रा की मौत, 2 अन्य बच्चे पीलिया से पीड़ित; परिजनों का हंगामा, जांच में जुटा प्रशासन