करवाचौथ की पहली रात घर से भागी दुल्हन, तीन दिन पहले हुई थी शादी
सिरसा : सदर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की तीन दिन पहले शादी हुई। बुधवार शाम को परिवार के सदस्य करवा चौथ व्रत की तैयारी कर रहे थे। अचानक घर से दुल्हन गायब हो गई। जिसके बाद परिवार के सदस्य दुल्हन की तलाश करने लगे। करीब घंटाभर की मशक्कत के बाद दुल्हन धान के खेत में छिपी हुई मिली। उसके पास से ज्वैलरी, मोबाइल व कुछ नकदी भी मिली। बाद में आरोपित युवती को सदर थाना सिरसा पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले में युवक के स्वजनों ने युवती, उसकी मां, भाई व रिश्ता करवाने वाले दो बिचौलों के खिलाफ शिकायत दी है।

जानकारी देते हुए युवक के एक रिश्तेदार ने बताया कि युवक थोड़ा तुतलाता है। उसके रिश्ते की बात की तो फतेहाबाद निवासी व्यक्ति ने कहा कि राजस्थान के गंगानगर में एक रिश्ता है। लड़की गरीब परिवार की है। शादी का सारा खर्च आपको उठाना होगा। इसके साथ ही उसे व गंगानगर निवासी व्यक्ति को 21-21 हजार रुपये देने होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार युवक के स्वजन लड़की पसंद कर आए इसके बाद बीती 9 अक्टूबर को गंगानगर के एक गुरुद्वारे में शादी हो गई। जहां से उन्हें मैरिज सर्टिफिकेट भी दिया गया।
बाद में गंगानगर के एक होटल में पार्टी हुई। शादी में ब्यूटी पार्लर, होटल, युवती के कपड़े इत्यादि का सारा खर्च लड़के वालों ने उठाया। 10 अक्टूबर को घर में पार्टी हुई, जिसमें युवती की मां, भाई व दोनों बिचौले भी आए। बुधवार शाम करीब सात बजे अचानक दुल्हन घर से गायब हो गई।
परिवार वालों ने तलाश शुरू की तो गांव में गोशाला के समीप धान के खेतों में छिपी बैठी थी। वहीं इस मामले में दुल्हन का कहना है कि उसकी तो पहले ही मलोट शादी हुई है। उसे नशा देकर शादी करवाई गई है। वहीं इस मामले में सदर थाना सिरसा प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि अभी पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

