वन निगम व्यवसाई संगठन कुमाऊं मंडल का गठन: पूरन सिंह बिष्ट बने अध्यक्ष, दीप चंद्र जोशी महासचिव; आगामी निविदाओं के बहिष्कार का ऐलान

हल्द्वानी। वन विकास निगम से जुड़े व्यवसाइयों और ढुलानकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक गैस गोदाम रोड, कुसुमखेड़ा स्थित आदित्य बैंक्विट हॉल में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से ‘वन निगम व्यवसाई संगठन कुमाऊं मंडल’ का विधिवत गठन करते हुए नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। नवगठित संगठन में पूरन सिंह बिष्ट को अध्यक्ष और दीप चंद्र जोशी को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा करन सिंह सजवान व डॉ. निशांत पपने को उपाध्यक्ष, राहुल गांधी को कोषाध्यक्ष, दया किशन भट्ट व भुवन पनेरू को सचिव तथा दीवान सिंह परिहार व मोहम्मद अकरम को उपसचिव चुना गया।
संगठन के मार्गदर्शन के लिए प्रेमपाल गंगवार, मुक्तयार खां, रमेश बिष्ट और कुंदन बोहरा को संरक्षक मनोनीत किया गया है। वहीं विजय तिवारी, राजेश कांडपाल, मनजीत सिंह और नवीन दानू को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
निविदा दरों और बकाए के भुगतान पर गहराया रोष; निविदाओं के बहिष्कार का सर्वसम्मति से निर्णय
बैठक के दौरान उपस्थित व्यवसायियों और ढुलानकर्ताओं ने वन विकास निगम की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त किया। व्यवसायियों का कहना था कि वर्ष 2025-26 की निविदा दरें अब तक स्वीकृत नहीं की गई हैं, साथ ही पूर्व के भुगतान और समायोजन की प्रक्रिया भी अधूरी लटकी हुई है।
गंभीर चर्चा के बाद संगठन ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जब तक लंबित निविदा दरों को स्वीकृति देकर संबंधित व्यवसायियों का पूर्ण भुगतान चुकता नहीं किया जाता, तब तक वर्ष 2026-27 में वन विकास निगम की किसी भी निविदा में भाग नहीं लिया जाएगा।
पूरे कुमाऊं मंडल में लागू होगा बहिष्कार का फैसला
व्यवसायियों ने स्पष्ट किया कि यह बहिष्कार पश्चिमी क्षेत्र रामनगर और कुमाऊं क्षेत्र हल्द्वानी के अंतर्गत आने वाले सभी डिवीजनों पर पूर्ण रूप से लागू रहेगा। इसमें कालाढूंगी पूर्वी, कालाढूंगी पश्चिमी, रामनगर पूर्वी, हल्द्वानी पूर्वी और टनकपुर समेत पूरे कुमाऊं मंडल के डिवीजन शामिल हैं।
बैठक में ये व्यवसायी रहे मौजूद:
बैठक में अशोक पंत, सूरज पडियार, मोहन चंद्र गढ़कोटी, कुंडल चंद्र, चंदन राम आर्य, किशोर चंद्र, विजय तिवारी, योगेश जोशी, प्रेमपाल गंगवार, मो. अकरम, मनजीत सिंह, करन सिंह सजवान, ठाकुर सिंह जिमिवाल, कुंदन बोहरा, राजेश कांडपाल, रविंद्र कापड़ी, जुनेद आलम, अतीक खान, हरिश्चंद्र भट्ट, दिनेश चंद्र गढ़कोटी, आफाक खान, अमृत पाल सिंह, मो. असलम, दीवान सिंह परिहार, राहुल गांधी, आरएस बिष्ट और दया किशन भट्ट समेत बड़ी संख्या में व्यवसायी उपस्थित रहे।


