जहरीला इंजेक्शन देकर 18 कुत्तों को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
आंध्र प्रदेश के एलुरू जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने है जहां शनिवार को एक युवक ने 18 कुत्तों को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। इस मामले के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही उस पर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी ने दावा किया है कि गांव के सरपंच ने उसे कुत्तों को मारने का आदेश दिया था।
पुलिस ने बताया कि मामला चेबरोले गांव का है। आरोपी की पहचान एक के वीरबाबू के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि गांव के सरपंच और सचिव ने उसे जहरीला इंजेक्शन देकर कुत्तों को मारने के लिए कहा था। कुत्तों की मौत के बाद एनिमल राइट ग्रुप में गुस्सा है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

सिद्दीपेट में 100 से ज्यादा आवारा कुत्तों की मौत
इससे पहले तेलंगाना में ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां सिद्दीपेट जिले के थिगुल गांव में 100 से ज्यादा आवारा कुत्तों की जहर देकर हत्या कर दी गई थी और उन्हें खाली कुएं में फेंक दिया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सरपंच और सचिव ने सभी आवारा कुत्तों को जहरीला इंजेक्शन देकर मारने के आदेश दिए थे।
यह घटना 27 मार्च को हुई थी। इसके बाद हैदराबाद के एक कार्यकर्ता ने शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ता का कहना था कि यहां पिछले तीन महीनों में करीब 200 आवारा कुत्ते मारे गए हैं। इससे पहले भी 2019 में सिद्दीपेट शहर में लगभग 100 कुत्तों को मार दिया गया था।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

