पति की हत्या कर नहर में फिंकवाया, दो साल तक पति बनकर प्रेमी करता रहा परिवार को गुमराह
एक महिला ने पति को नींद की गोलियां खिला दीं। प्रेमी के साथ मिलकर नीम बेहोशी में सोए पति को जिंदा ही नहर में फेंककर मार दिया। हत्या का यह राज दबाने के लिए महिला ने अपने मृत पति का मोबाइल प्रेमी को दे दिया। इस मोबाइल से प्रेमी, मृतका का पति बनकर परिवार व रिश्तेदारों से बात करता रहा और दो साल तक गुमराह करता रहा। मृतक की मां को शक हुआ, वह थाने पहुंची और बेटे के लापता होने का केस दर्ज कराया। मृतक के मोबाइल से ही पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा दिया है।
मामला सिहोनिया थाना क्षेत्र की गोपी पंचायत के छत का पुरा गांव है। जहां विश्वनाथ सिंह नाम के युवक की पत्नी के किसी युवक से अवैध संबंध थे। विश्वनाथ की पत्नी ने पति को रास्ते से हटाकर प्रेमी संग रहने के लिए दो साल पहले षडयंत्र रचा। इसके तहत पति को खाने में नींद की गोलियां खिला दीं। इसके बाद बेहोशी की हालत में उसे गांव से दूर सरायछौला थाना क्षेत्र में सिकरौदा नहर के पास ले आए। रात के अंधेरे में बेहोशी की हालत में विश्वनाथ को पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर नहर में फेंक दिया। पानी में डूबने से विश्वनाथ की मौत हो गई।

दो दिन बाद सरायछौला पुलिस ने नहर में लाश मिली, जिसकी पहचान नहीं हो सकी। शव को लावारिश मानते हुए छौंदा गांव में नदी किनारे दफना दिया। इसके बाद मृतक की पत्नी ने अपने पति का मोबाइल हत्या में शरीक प्रेमी को दे दिया। इस मोबाइल पर स्वजन और रिश्तेदारों के फोन आते तो महिला का प्रेमी, पति विश्वनाथ बनकर बात करता था। हर बार नौकरी के सिलसिले में खुद को बाहर बता देता। कभी दिल्ली, कभी जयपुर तो कभी सूरत बताता और त्योहार पर घर आने की बात करता। दो साल तक विश्वनाथ घर नहीं आया और फोन पर उसकी आवाज भी अलग-अलग लगने से परेशान मृतक की मां दो महीने पहले सिहोनियां थाने पहुंची। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया। जिस मोबाइल से हत्या आरोपित प्रेमी व मृतक की पत्नी पूरे परिवार को झांसा दे रहे थे, उसी मोबाइल ने दोनों को पकड़वाने में मुख्य भूमिका निभाई। मृतक के मोबाइल की लोकेशन के आधार पर हत्या आरोपित पत्नी के प्रेमी केा दबोचा। पुलिस द्वारा सख्ती से की गई पूछताछ में मंगलवार की सुबह आरोपित प्रेमी ने पूरी घटना का खुलासा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी को भी हिरासत में ले लिया। मंगलवार की दोपहर बाद छौंदा नदी के पास से मृतक के कंकाल भी पुलिस ने खुदाई करवाकर निकलवा लिए। इन कंकालों की डीएनए जांच करवाई जा रही है, जिससे केस मजबूत हो सके। सिहोनिया थाना प्रभारी ने बताया कि अब इस मामले में मृतक की पत्नी व प्रेमी पर हत्या करने, सबूत नष्ट करने व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है।

