महिला के 10 तोले सोने ढूंढने में मुंबई पुलिस को आए पसीने, चूहे ने ऐसे ढूंढ निकाला

खबर शेयर करें -

इस दुनिया में बहुत सारी अजीबोगरीब और हैरान करने वाली चीजें होती हैं। कभी कोई अचानक से गरीब हो जाता है तो कभी किसी को कचरे से कुछ ऐसा मिल जाता है, जिससे वह रातों-रात अमीर हो जाता है। इन दिनों मुंबई की एक अनोखी घटना लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच रही है। दरअसल, इस घटना में एक महिला का 10 तोला सोना गलती से कचरे में चला गया था। इससे महिला का बुरा हाल था। इसके बाद उसने सोना ढूंढने के लिए मुंबई पुलिस की मदद मांगी।

एक झटके में गंवा दिया था 10 तोला सोना

महिला ने न जाने कैसे अपने खून-पसीने की कमाई से बनवाए 10 तोले के सोने के जेवर को कचरे में डाल दिया था। 13 जून को मुंबई के मालाड इलाके के पूर्व दिंडोशी में रहने वाली महिला ने पुलिस से मदद मांगी। महिला ने बताया कि वह सोना लेकर बैंक में जमा करवाने के लिए घर से निकली थी। इस दौरान उसकी नजर रास्ते में दो भूखे बच्चों पर पड़ी। महिला ने बताया कि उसके पास थैली में कुछ वडा पाव थे, जो थैली उसने बच्चों को थमा दी और बैंक के लिए निकल गई।

महिला ने बताया कि थोड़ी दूर ही जाने पर उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई, जब उसे अहसास हुआ कि जिस थैली में उसने 10 तोला सोना रखा था, वह उसके पास नहीं है। महिला ने बताया कि उसने वडा पाव की थैली के साथ बच्चों को सोने वाली थैली भी पकड़ा दी थी। इसके बाद वह वापस उसी जगह पर आई, लेकिन तक तक दोनों बच्चे वहां से जा चुके थे। इससे उसके सोने का कुछ अता-पता नहीं चल सका। इसके बाद महिला भागे-भागे शिकायत लेकर थाने पहुंची।

चूहे ने सोना ढूंढने में ऐसे की मदद

पुलिस महिला को लेकर उसी जगह पर आई और सोना खोजने लगी, लेकिन काफी देर तक पुलिस को सोना नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरा चेक किया, जिससे बच्चों की पहचान हुई और फिर पुलिस पूछताछ के लिए उनके पास पहुंची। पुलिस को दोनों बच्चों ने बताया कि वडा पाव उन्हें पसंद नहीं था, इसलिए उन्होंने थैली को वहीं कचरे के डिब्बे में फेंक दिया था। इसके बाद जब पुलिस ने कचरे के डिब्बे में तलाशी ली, तो उन्हें वहां पर सोना नहीं मिला। इतना होने के बाद पुलिस ने एक बार और सीसीटीवी खंगाला। इस बार पुलिस ने देखा कि एक चूहा बड़ा पाव खाने के लिए थैली को उठाकर नाले की तरफ ले जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने नाले की तरफ जाकर जांच की और उन्हें सोने की थैली मिल गई। अपनी गाढ़ी कमाई का सोना पाकर महिला ने पुलिस को जमकर धन्यवाद दिया। बता दें कि महिला नौकरानी का काम करती है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad