महिला से बनाया संबंध, युवती से किया निकाह, अब न घर का न घाट का
नाम बदलकर दिल्ली में एक युवती के साथ रिलेशनशिप में रहने वाले युवक ने दूसरी युवती से निकाह कर लिया। पता चलने पर दिल्ली की युवती ने अपने व युवक के फोटो और वीडियो निकाह करने वाली युवती के स्वजन को भेज दिए। इसको लेकर दोनों पक्षों में जमकर हंगामा हुआ। हालांकि अभी किसी भी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।

यह है मामला
कांधला थानाक्षेत्र के एक गांव का युवक दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। इसी दौरान उसकी दिल्ली निवासी युवती से दोस्ती हो गई और दोनों रिलेशनशिप में रहने लगे। कुछ दिन पहले युवक के स्वजन ने उसका रिश्ता क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से कर दिया। दोनों का निकाह भी हो गया। इसकी जानकारी दिल्ली की युवती को लगी तो उसने अपने व युवक के फोटो और वीडियो निकाह करने वाली युवती के स्वजन को भेज दिए। इसकी जानकारी मिलने पर निकाह करने वाली युवती के स्वजन दामाद के घर पहुंचे और दिल्ली की युवती के फोटो दामाद व उसके स्वजन को दिखाए। दामाद ने बताया कि उक्त युवती से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसके बाद युवती के स्वजन उसे मायके ले गए। इसके बाद शादीशुदा युवती के स्वजन ने दिल्ली निवासी युवती से सपंर्क कर उसे अपने घर बुला लिया। उसने बताया कि कई सालों से दोनों साथ रह रहे हैं और गर्भवती होने पर युवक ने उसका गर्भपात करा दिया था। इसके बाद दिल्ली निवासी युवती वापस लौट गई। पुलिस ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है।
नाम बदलकर रिलेशनशिप में रहा
दिल्ली निवासी युवती जब निकाह करने वाली युवती के स्वजन से मिली तो पता चला कि युवक मुस्लिम है और उसने नाम बदल कर शादी का झांसा देकर उससे संबंध बनाए थे।

