मैं अपने बड़े भाई से सौ बार माफी मांगता हूं : हरक सिंह रावत
देहरादून. ‘मैं अपने बड़े भाई से सौ बार माफी मांगता हूं, उत्तराखंड के हित के लिए सौ बार क्या एक लाख बार भी माफी मांगनी पड़े, तो मांग लूंगा.’ यह बात भाजपा से निष्कासित हरक सिंह रावत ने कांग्रेस में वापसी करने को लेकर चल रहे घटनाक्रम और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बयान पर कही. उन्होंने यह भी कहा कि 2016 में जो कुछ हुआ, वह पुरानी बात है, तब उनसे और हरीश रावत दोनों से कुछ गलतियां हुई थीं, जिनके कारण जो हुआ, सो हुआ. हरक सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर तमाम बड़े नेताओं के साथ उनकी बातचीत हो चुकी है और सभी का सकारात्मक रवैया रहा है.

‘मैंने कांग्रेस में आने का इतना बड़ा निर्णय लिया है, इससे बड़ी माफ़ी क्या हो सकती है? तब दोनों की गलती थी और अब सबसे ही बात होगी.’ हरक सिंह ने कहा कि ‘कल से समय नहीं मिला. आज सुबह से पार्टी में सबसे बातचीत हुई है और सबका रवैया सकारात्मक है. प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से बातचीत हुई है, वह आलाकमान से आगे बात करके बताएंगे. जैसी भी स्थिति बनेगी, उसके हिसाब से ही आगे के फैसले होंगे.’
हरीश रावत पर क्या बोले हरक सिंह?
हरक सिंह ने कहा, 2016 की बात बहुत पुरानी हो गई. उस समय परिस्थितियां अलग थीं, जो बात हो गई हो गई. हरीश भाई भी मानते हैं कि परिस्थितियां ही निर्णय का आधार बन जाती हैं. कुछ गलतियां मुझसे हुईं, कुछ हरीश भाई से हुईं. जो बातचीत हरीश भाई से हुई थी, उस पर वो इम्पलीमेंट नहीं कर पाए थे. यह भी सही है कि मैंने तब जिन विकास के कामों के लिए बात की, उन्होंने उस वक्त वो सब किए.
हरीश रावत के साथ निजी संबंधों और राजनीतिक संबंधों को लेकर हरक सिंह ने इमोशनल बातें करते हुए यह भी कहा, ‘मैंने हमेशा कहा कि उनके और मेरे अच्छे संबंध हैं. वह उत्तराखंड के बड़े नेता हैं. हम लोग दुख में हमेशा एक दूसरे के साथ खड़े हुए हैं. मेरे बेटे की शादी में बारात देर से पहुंची थी तब वह तीन घंटे तक इंतजार करते रहे. मैं व्यक्तिगत संबंधों को कभी राजनीति के आड़े नहीं आने देता हूं.’
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

