लुटेरी दुल्हनों का गिरोह : किसी के 3 तो किसी के 5 पति, ऐसे बनाती है शिकार
मोगा : नगर में खुद के अपरहण किए जाने का ड्रामा करने वाली युवती दुल्हन बनकर ठगी करने वाले गैंग की सदस्य निकली। अब तक वह तीन शादियां कर चुकी है। पुलिस ने उसे हरियाणा में उसके तीसरे पति बने हंसराज के घर से बरामद करने का दावा किया है। इस गैंग की दूसरी अहम सदस्य रीटा और संदीप कौर अब तक 5 शादियां कर चुकी हैं। एक दिन की दुल्हन बनकर ये पहले मोटी रकम शादी के खर्च के नाम पर विचोलन के माध्यम से ऐंठती थी। बाद में घर के जेवरात, नकदी आदि लेकर बहाने से फुर्र हो जाती थी। इस गैंग का जाल सिर्फ पंजाब ही नहीं बल्कि राजस्थान और हरियाणा तक फैला हुआ है।

गैंग के 6 सदस्यों को पुलिस ने पहचान कर उनके खिलाफ धोखाधड़ी के केस में मामला दर्ज कर लिया है। जिनमें से अपहरण का ड्रामा करने वाली कोमल ऊर्फ कुलदीप कौर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। तीसरी शादी रचाने वाले हरियाणा के हंसराज की भूमिका का पुलिस अभी पता कर रही है। अभी तक पुलिस की जांच में उसे केस में शामिल नहीं किया गया है। वह विचोलन के साथ अपनी पत्नी के रूप में ही कुलदीप कौर उर्फ कोमल को गाड़ी में बैठाकर साथ ले गया था।

