हल्द्वानी : प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड को 17,500 करोड़ की 23 योजनाओं की दी सौगात, जानिए आप भी

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हल्द्वानी में 17,500 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों का सामर्थ्य इस राज्य के आधुनिकता की ओर ले जाएगा. यहां की मिट्टी की ताकत इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाएगी.

कुली बेगार आंदोलन का जिक्र: कुमाऊं केसरी पंडित बद्रीदत्त पांडे के जिक्र से अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए पीएम ने कहा कि, उन्होंने 1921 में कुली बेगार आंदोलन से विश्व भर में भारत की पहचान बनाई. पीएम ने कहा कि उन्हें आज कुमाऊं आने का सौभाग्य मिला तो कई पुरानी यादें ताजा हो गईं. उनको यहां पहुंचने पर बड़ी आत्मीयता से उत्तराखंडी टोपी पहनाई गई, उसे पहनकर उन्हें गर्व का अनुभव हो रहा है.

विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी: हल्द्वानी की जनसभा में पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड और देश के लोग बर्बादी लाने वाले लोगों का कच्चा चिट्ठा खोल चुके हैं और उनका सच जान चुके हैं. आज हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ तेज गति से देश को नई ऊंचाई पर ले जाने में जुटी है. आज उधमसिंह नगर जिले में एम्स ऋषिकेश के सैटेलाइट केंद्र और पिथौरागढ़ में जगजीवन राम सरकारी मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी गई है.

हरीश रावत पर तंज: इस दौरान ऐसे लोग भी देखे हैं जो कहते थे चाहे उत्तराखंड को लूट लो पर मेरी सरकार बचा लो. ये लोग उत्तराखंड से प्यार करना सोच भी नहीं सकते. जिसे कुमाऊं से प्यार हो वो कुमाऊं छोड़कर जा भी नहीं सकता. वैसे आज जब जनता जनार्दन इन लोगों की सच्चाई जान चुकी है, तो इन लोगों ने एक नई दुकान खोल रखी है. वो दुकान है- अफवाह फैलाने की. अफवाह बनाओ, फिर उसे प्रवाहित करो और उसी अफवाह को सच मानकर दिनरात चिल्लाते रहो.

कुमाऊं एम्स की आधारशिला: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुमाऊं एम्स और जगजीवन राम सरकारी मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी. इन दोनों अस्पतालों को लगभग 500 करोड़ रुपए और 450 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जा रहा है. प्रधानमंत्री ऊधमसिंह नगर जिले के सितारगंज और काशीपुर शहरों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए करीब 2400 घरों के निर्माण की आधारशिला रखी. इन घरों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 170 करोड़ से अधिक की लागत से बनाया जाएगा. पीएम मोदी ने कहा कि उधम सिंह नगर में 500 करोड़ रुपए की लागत से एम्स ऋषिकेश सैटलाइट सेंटर बनेगा. जबकि पिथौरागढ़ में 450 करोड़ रुपए खर्च पर जगजीवन राम सरकारी मेडिकल कॉलेज बनेगा. पीएम ने कहा कि, इससे पहाड़ से लेकर मैदान तक लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी. लोगों को प्रदेश से बाहर इलाज के लिए नहीं जाना होगा. साथ ही निर्माणाधीन अल्मोड़ा मेडिकल कालेज को भी तेजी से पूरा किया जाएगा.

हल्द्वानी का होगा विकास: हल्द्वानी शहर के ओवरऑल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए हम लगभग 2,000 करोड़ रुपये की योजना लेकर आ रहे हैं. अब हल्द्वानी में पानी, सीवरेज, सड़क, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट सभी जगह पर अभूतपूर्व सुधार होगा.

इसी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में कुमाऊं के लोगों को कुमाउंनी में धन्यवाद दिया और उनसे समर्थन की अपील की.

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad