उत्तराखंड के 11 हजार युवाओं को मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग: सीएम धामी ने ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का किया शुभारंभ, अलग युवा आयोग के गठन की घोषणा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का भव्य शुभारंभ करते हुए प्रदेश के 11 हजार मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सौगात दी है। इस योजना के तहत राज्य के शासकीय व सहायता प्राप्त महाविद्यालयों तथा विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों (जैसे स्टडी आईक्यू दिल्ली, महेंद्राज लखनऊ व दून ड्रीमर्स) के विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा ऑनलाइन लाइव कक्षाएं, रिकॉर्डेड लेक्चर, डिजिटल स्टडी मटीरियल और मॉक टेस्ट उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को राज्य की नीतियों में भागीदार बनाने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में जल्द ही एक अलग ‘युवा आयोग’ गठित करने का भी बड़ा ऐलान किया।
स्क्रीनिंग परीक्षा से होगा चयन, उच्च शिक्षा मंत्री ने छात्राओं के लिए 50% छात्रसंघ सीटों के आरक्षण का किया ऐलान
योजना का लाभ देने के लिए पारदर्शी ऑनलाइन स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें मेधावी व दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के छात्रों को प्राथमिकता मिलेगी। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कार्यक्रम में जानकारी दी कि इस सत्र से प्रदेश के छात्रसंघ चुनावों में छात्राओं के लिए 50 प्रतिशत पद आरक्षित किए जाएंगे, साथ ही ई-ग्रंथालय के माध्यम से 20 लाख डिजिटल पुस्तकों तक पहुंच दी गई है। मुख्यमंत्री धामी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं के बीच जाकर संवाद किया और कहा कि रिवर्स पलायन और स्वरोजगार के बल पर उत्तराखंड का युवा अब नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि देने वाला बन रहा है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

