शेयर बाजार में गिरावट का पांचवां दिन

खबर शेयर करें -

शेयर बाजार में गिरावट का पांचवां दिन: सेंसेक्स 585 पॉइंट गिरकर 49,216 पर बंद; निफ्टी भी 163 अंक गिरा, रिलायंस और TCS के शेयर 2-2% फिसले

शेयर बाजार में गुरुवार को लगातार पांचवें दिन बिकवाली रही। BSE सेंसेक्स 585 अंकों की गिरावट के साथ 49,216.52 पर बंद हुआ है। भारी बिकवाली के चलते इंडेक्स इंट्राडे में 48,962.36 तक भी फिसला। इससे पहले 26 फरवरी को इंडेक्स 49 हजार के लेवल से नीचे आया था। 12 मार्च से जारी 5 दिनों की गिरावट में सेंसेक्स इंडेक्स 2300 अंक टूटा है। निफ्टी इंडेक्स भी 163 अंक गिरकर 14,557.85 पर आ गया है।

कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते शेयर बाजार ने शुरुआती बढ़त गंवाई

बढ़त के साथ खुला था बाजार
सेंसेक्स में शामिल 30 में से 21 शेयरों में गिरावट रही, जिसमें HCL का शेयर सबसे ज्यादा 3.4% नीचे गिरा। इसके अलावा इंफोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा, डॉ. रेड्डीज और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। सुबह सेंसेक्स 359 अंकों की बढ़त के साथ 50,161.25 पर और निफ्टी 134 अंक ऊपर 14,855.50 पर खुला था।

बैंकिंग और IT शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली

निवेशकों ने सबसे ज्यादा IT और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में बिकवाली किया। IT इंडेक्स 810 अंक यानी 3% नीचे 25,373.35 पर बंद हुआ है। निफ्टी बैंक इंडेक्स भी 372अंक नीचे 33,856.80 पर बंद हुआ। इंडेक्स में सबसे ज्यादा बैंक ऑफ बड़ौदा का शेयर 3.8% फिसला।

एक्सचेंज पर 69% शेयरों में गिरावट, मार्केट कैप 2.42 लाख करोड़ रुपए घटा

वहीं, BSE पर 3,121 शेयरों में कारोबार हुआ, जिसमें 830 शेयर बढ़त और 2,154 गिरावट के साथ बंद हुआ है। इसमें 391 शेयर रहे जिनमें लोअर सर्किट लगा। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 201.29 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 203.71 लाख करोड़ रुपए रहा था।