उत्तराखंड कांग्रेस की 168 सदस्यीय जंबो कार्यकारिणी घोषित: खरगे के दौरे से पहले चुनावी मोड में आई पार्टी, सभी दिग्गजों के समर्थकों को तवज्जो

खबर शेयर करें -

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत कांग्रेस उत्तराखंड में पूरी तरह चुनावी मोड में आ गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के शनिवार को प्रस्तावित हल्द्वानी दौरे से ठीक दो दिन पहले बहुप्रतीक्षित प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को इस कार्यकारिणी के गठन के लिए करीब नौ माह का लंबा इंतजार करना पड़ा है। चुनाव से महज छह माह पूर्व गठित इस 168 सदस्यीय जंबो कार्यकारिणी में एक कोषाध्यक्ष, 24 उपाध्यक्ष, 36 महामंत्री और 107 सचिव बनाए गए हैं, जिसके जरिए पार्टी हाईकमान ने सभी गुटों व वरिष्ठ नेताओं को साधने का स्पष्ट संदेश दिया है।
पांच महत्वपूर्ण समितियों का भी हुआ गठन
कांग्रेस के राष्ट्रीय महामंत्री के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी इस सूची में कार्यकारिणी के साथ-साथ पांच अन्य प्रमुख समितियों—कार्यकारी समिति, घोषणापत्र समिति, अनुशासन समिति, एसआईआर (SIR) समिति और आरोपपत्र समिति का भी गठन किया गया है। नई कार्यकारिणी में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत सभी क्षत्रपों के समर्थकों को तरजीह दी गई है।
41 सदस्यीय कार्यकारी समिति में दिग्गजों को कमान
घोषित 41 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारी समिति में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व सीएम हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात, युवा चेहरे के तौर पर वैभव वालिया और 20 विधायकों को शामिल किया गया है। इसके अलावा, पार्टी से नाराज चल रहे पिथौरागढ़ विधायक मयूख महर को भी कार्यकारी समिति में शामिल कर वरिष्ठों को साधने की पुरजोर कोशिश की गई है।
यह भी पढ़ें 👉  2027 चुनाव की तैयारियों में जुटी यूकेडी: भुवन सिंह बिष्ट बोले— स्वाभिमान और हक की रक्षा के लिए क्षेत्रीय ताकतों को करें मजबूत
Ad
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव: दवाओं की खरीद के लिए बनेगा मेडिकल सर्विसेज कारपोरेशन, दूरस्थ कस्बों में शिफ्ट होंगे जिला अस्पताल