बाढ़ में लापता हुए भारतीय सेना के 23 जवान, बादल फटने से तीस्ता नदी में आई अचानक बाढ़
सिक्किम के सिंगताम में अचानक बादल फटने की वजह से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। बादल फटने की वजह से तीस्ता नदी में बाढ़ आ गई जिसमें भारतीय सेना के 23 जवान लापता बताए जा रहे हैं।
उनकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। बाढ़ के चलते इलाके की सड़कों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे राहत और बचाव अभियान प्रभावित हो रहा है।
उत्तरी सिक्किम में ल्होनक झील पर अचानक बादल फटने के कारण फ्लैस फ्लड की घटना हुई। इससे तीस्ता में जलस्तर अचानक बढ़ गया। चुंगथांग बांध से पानी छोड़े जाने से स्थिति और बिगड़ गई। नदी का जल स्तर 15-20 फीट तक बढ़ गया था।
बाढ़ में बह गए सेना के वाहन
सेना के वाहनों को सिंगताम के पास बारदांग में खड़ा किया गया था। इसमें 23 जवान मौजूद थे। फ्लैस फ्लड आने से ये वाहन बह गए। अचानक आई बाढ़ ने लाचेन घाटी में सेना के कई इमारतों को नुकसान पहुंचाया है। कितनी तबाही हुई इसका आकलन किया जा रहा है।
तीस्ता नदी पर बना सिंगथम पैदल पुल बह गया
बाढ़ की चपेट में आकर तीस्ता नदी पर बना सिंगथम पैदल पुल बह गया है। नेशनल हाईवे 10 के कई हिस्से बह गए हैं। यह हाईवे सिक्किम को पश्चिम बंगाल से जोड़ता है। हाईवे को हुए नुकसान से सिक्किम का सड़क संपर्क पश्चिम बंगाल से कट गया है। इलाके के कई और सड़कों को भी बाढ़ से नुकसान हुआ है।
सिक्किम सरकार ने जारी किया हाई अलर्ट
सिक्किम सरकार ने राज्य में हाई अलर्ट जारी किया है। लोगों से कहा गया है कि तीस्ता नदी से दूर रहें। पश्चिम बंगाल में जलपाईगुड़ी प्रशासन ने एहतियात के तौर पर तीस्ता नदी के निचले जलग्रहण क्षेत्र से लोगों को निकालना शुरू कर दिया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें