3 साल की मासूम को कुत्तों ने नोचकर मार डाला, लड़कर भी जान नहीं बचा सकी मां

खबर शेयर करें -

बिहार में एक तीन साल की मासूम बच्ची कुत्तों का निवाला बन गई. दिल को दहला देने वाली यह घटना मुजफ्फरपुर शहर के मिठनपुरा में घटी. शिवशंकर पथ स्थित साईं मंदिर गली में आवारा कुत्तों ने तीन साल की मासूम एंजल कुमारी को नोच-नोचकर मार डाला. मृतका की मां रीतू कुमारी मोहल्ले के ही घरों में काम कर गुजर बसर करती है. स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्ची पांच रुपये लेकर गली की दुकान से बिस्किट लाने गई थी, पीछे से उसकी मां भी आ रही थी.

यह भी पढ़ें 👉  सी.एस.एन.पी.जी. कॉलेज में होगा पौध भंडारा, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को मिलेगा बढ़ावा

इसी दौरान दो आवारा कुत्तों ने बच्ची पर हमला कर दिया. कुत्तों ने बच्ची की गर्दन, सीने और पेट में काटकर गहरा जख्म कर डाला. बेटी को बचाने के लिए मां दौड़कर उसके पास पहुंची लेकिन गर्दन दबोचे कुत्ते ने बच्ची को नहीं छोड़ा. बच्ची को बचाने के लिए मां कुत्ते से जूझती रही, इससे वह भी जख्मी हो गई. इसी दौरान काम पर निकले कुछ मजदूरों की नजर पड़ी. मजदूरों ने कुत्ते को डंडे से मारकर भगाया.

खून से लथपथ बच्ची को मां गोद में लेकर घर भागी. परिजन पहले जूरनछपरा में एक निजी अस्पताल में ले गए. उसकी गंभीर हालत देखकर एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया जहां इलाज के दौरान मौत हो गई. एंजल रीतू की इकलौती संतान थी. इससे पहले एक पुत्र ने जन्म लिया था जो जन्म के बाद ही मर गया था. मृत बच्ची के पिता आनंद महतो कोलकाता में गाड़ी चलाते हैं. उनके आने के इंतजार में शव की अंत्येष्टि नहीं की गई है.

यह भी पढ़ें 👉  सी.एस.एन.पी.जी. कॉलेज में होगा पौध भंडारा, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को मिलेगा बढ़ावा

आनंद महतो का परिवार मूल रूप से सकरा थाना के बाजितपुर सुंदरपुर गांव का निवासी है. रीतू बच्ची के साथ शिवशंकर पथ में किराये के मकान में रहती है. उसी मकान में रीतू की बहन और बहनोई मनोज महतो भी कमरा लेकर रहते हैं. रितू का मायका मिठनपुरा थाना के रामबाग में है. बच्ची की दर्दनाक मौत से सभी सदमें हैं.