रुद्रपुर: काशीपुर हाईवे चौड़ीकरण की जद में आएंगी 56 दुकानें, 5 अगस्त से चलेगा प्रशासन का बुलडोजर

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर। रुद्रपुर शहर के डीडी चौक से काशीपुर हाईवे तक के मार्ग को चौड़ा करने के 13.72 करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को गति देने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। इस एक किलोमीटर लंबे मार्ग को वर्तमान 60 फीट से बढ़ाकर 120 फीट (सड़क के केंद्र से दोनों ओर 60-60 फीट) किया जाना है। चौड़ीकरण की जद में आने वाली करीब 56 दुकानों पर 5 अगस्त से प्रशासन की कार्रवाई शुरू होगी। ढोल-नगाड़ों (डुगडुगी) से कराई गई मुनादी के बाद कई दुकानदारों ने खुद ही अपने निर्माण हटाने शुरू कर दिए हैं। विधायक शिव अरोड़ा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी तैयारियों की समीक्षा की और समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ियों का भव्य स्वागत: CM धामी ने हेलीकॉप्टर से की पुष्पवर्षा, शिवभक्तों के धोए पांव

अतिक्रमण हटते ही बिजली और पानी की लाइनें होंगी शिफ्ट

मार्ग चौड़ीकरण के रास्ते में आ रहे पोल, ट्रांसफार्मर और पेयजल लाइनों को हटाने का काम दुकानों के न हटने के कारण अटका हुआ था। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता बद्रे आलम ने बताया कि लोनिवि से 80 लाख रुपये बजट मिल चुका है और अतिक्रमण हटते ही 2 महीने में पेयजल लाइनें बिछा दी जाएंगी। वहीं, ऊर्जा निगम के ईई किशोर पंत के अनुसार, 1.90 करोड़ रुपये के बजट से अगस्त अंत तक बिजली के पोल व ट्रांसफार्मर शिफ्ट कर दिए जाएंगे। लोनिवि ईई गजेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि रविवार को मुनादी कराकर दुकानदारों को पूर्व सूचना दे दी गई है, अब सीधे वैधानिक कार्रवाई होगी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड के सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में अब मुफ़्त होंगी सभी जांचें: धामी सरकार का बड़ा फैसला, रोजाना 15 हजार मरीजों को मिलेगा फायदा

जाम से मिलेगी मुक्ति, आवागमन होगा सुगम: शिव अरोड़ा

क्षेत्रीय विधायक शिव अरोड़ा ने बताया कि यह रुद्रपुर शहर का अत्यंत महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। इसके पूरा होने के बाद डीडी चौक से गाबा चौक और त्रिशूल चौक पर रोजाना लगने वाले भीषण जाम से स्थानीय लोगों व राहगीरों को हमेशा के लिए निजात मिलेगी। व्यापारिक क्षेत्र के बीच से गुजरने वाले इस हाईवे के चौड़ा होने से शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु और सुगम हो जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  बिंदुखत्ता के तिवारी नगर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उमड़ा मातृशक्ति का सैलाब: विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का जताया संकल्प
Ad