छात्रसंघ चुनावों में ABVP की जीत युवाओं के मजबूत राष्ट्रवादी मिजाज का प्रमाण: बीजेपी; 1-2 दिन में होगी राज्यसभा प्रत्याशी के नाम की घोषणा
देहरादून। उत्तराखंड के विभिन्न महाविद्यालयों में हाल ही में संपन्न हुए छात्रसंघ चुनाव परिणामों के बाद सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने नतीजों पर संतोष व्यक्त करते हुए बड़ा दावा किया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राजधानी देहरादून के डीएवी (DAV) पीजी कॉलेज और एमकेपी (MKP) कॉलेज समेत प्रदेश भर के अधिकांश उच्च शिक्षण संस्थानों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के प्रत्याशियों की जीत पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनावों के ये परिणाम यह साबित करते हैं कि प्रदेश के युवाओं में राष्ट्रवादी विचारों की नींव अत्यंत मजबूत है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस द्वारा चुनाव प्रक्रिया और प्रशासन पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए इसे ‘हार की बौखलाहट’ करार दिया।
राज्यसभा उम्मीदवार पर केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड का फैसला जल्द; 15 नामों का पैनल दिल्ली भेजा
पत्रकारों से वार्ता करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि उत्तराखंड से खाली हो रही राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा के उम्मीदवार के नाम का ऐलान अगले एक से दो दिनों के भीतर कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश की कोर कमेटी की बैठक में मंथन के बाद तैयार किया गया 15 संभावित प्रत्याशियों का पैनल केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड को भेज दिया गया है। 6 अक्टूबर को नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि से पूर्व प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। वहीं, रामशरण नौटियाल के इस्तीफे की खबरों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि उन्हें या संबंधित जिलाध्यक्ष को अभी तक ऐसा कोई औपचारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।

