द्वारपूजा के बाद मोबाइल पर आया दुल्‍हन का वीडियो, देखकर भड़का दूल्‍हा; शादी से हुआ फरार

खबर शेयर करें -

यूपी के जौनपुर के सरायख्वाजा क्षेत्र के एक गांव में रविवार रात में आजमगढ़ से आयी बारात का दूल्हा द्वारचार के बाद लड़की को दूसरे के साथ डांस करते हुए देख नाराज हो गया।

शादी से इनकार करके मौके से फरार हो गया। दूल्हे के भागने के बाद कन्या पक्ष के लोगों ने बरातियों को बंधक बना लिया। उनकी मांग थी कि शादी में जो खर्च हुआ है वह पैसा वर पक्ष दे। रविवार की रात बंधक बने रहे बराती सोमवार को पुलिस के आने के बाद सुलह होने पर गए।

गांव निवासी एक लड़की की शादी आजमगढ़ में तय थी। रविवार को बारात समय से दरवाजे पर आ गयी। जलपान के बाद द्वारपूजा का कार्यक्रम समाप्त हुआ। इस दौरान बारात पक्ष से आई हुई महिलाएं लड़की पक्ष के घर में बैठने के लिए चली गईं। मौके पर दुल्हन को किसी अन्य लड़के के साथ नाचते हुए देख बारात की ओर से आई लड़कियों ने उसका वीडियो बनाकर दूल्हे के मोबाइल पर डाल दिया। दूल्हा वीडियो देखते ही भड़क गया और शादी से इनकार कर दिया।

जानकारी न मिलने पर वह फरार हो गया। इसके बाद नाराज घरातियों ने बारातियों को बंधक बना लिया और एक बाराती की मोबाइल भी घरातियों ने तोड़ दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी प्रयास किया लेकिन घराती पक्ष शादी करवाने या तो अपने नुकसान की भरपाई पर अड़े रहे। इंतजार के बाद भी रात में दूल्हा नहीं लौटा। सोमवार को सुबह 10 बजे तक पंचायत चली। बारात पक्ष नुकसान की भरपाई को तैयार हुआ।