जागेश्वर में उमड़े जनसमर्थन पर बोले भुवन सिंह बिष्ट— अब क्षेत्रीय ताकतों को मजबूत करेगी देवभूमि की जनता
अल्मोड़ा/जागेश्वर। आगामी ‘मिशन 2027’ विधानसभा चुनावों को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) धरातल पर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। अल्मोड़ा जिले की महत्वपूर्ण मानी जाने वाली जागेश्वर विधानसभा सीट पर यूकेडी को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब दिनेश कुंजवाल के नेतृत्व में ग्राम क्षेत्र के प्रथम सदस्य सहित करीब 500 स्थानीय लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। सभी नए सदस्यों ने यूकेडी की विचारधारा और राज्य के हित में किए गए लंबे संघर्ष पर अपना पूरा भरोसा जताया।
राष्ट्रीय दलों की नीतियों से ऊब चुकी है राज्य की जनता: भुवन सिंह बिष्ट
पत्रकारों को संबोधित करते हुए यूकेडी के केंद्रीय संगठन मंत्री भुवन सिंह बिष्ट ने कहा कि जागेश्वर में उमड़ा यह जनसमर्थन साफ दर्शाता है कि जनता अब राष्ट्रीय दलों की नीतियों से ऊब चुकी है। राज्य के लोग अब अपने जल, जंगल, जमीन के अधिकार, स्थानीय रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुदृढ़ स्वास्थ्य सुविधाओं और उत्तराखंडी अस्मिता व स्वाभिमान की रक्षा के लिए क्षेत्रीय नेतृत्व को मजबूत करने का मन बना चुके हैं।
“जय उत्तराखंड, जय पहाड़, जय पहाड़ी” के साथ क्षेत्रीय ताकतों को मजबूत करने का आह्वान
केंद्रीय संगठन मंत्री भुवन सिंह बिष्ट ने सभी नए सदस्यों का माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देवभूमि की जनता से अपील की कि वे उत्तराखंड के सुनहरे भविष्य और अधिकारों की इस लड़ाई में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने “जय उत्तराखंड, जय पहाड़, जय पहाड़ी” का नारा बुलंद करते हुए राज्य के समग्र विकास और क्षेत्रीय स्वाभिमान के लिए यूकेडी के संकल्प को दोहराया।


