लालकुआं: दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई; मुख्य बाजार में मिठाइयों की दुकानों पर मारा छापा, 5 नमूने लैब भेजे

लालकुआं (नैनीताल)। आगामी दीपावली के पावन पर्व पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम जनता को शुद्ध मिठाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने लालकुआं में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। खाद्य संरक्षा आयुक्त एवं जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मुख्य बाजार तथा गौला रोड क्षेत्र में स्थित करीब एक दर्जन से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने विभिन्न मिठाइयों के कुल पांच नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।
बेसन के लड्डू और मिल्क लॉज समेत 5 मिठाइयों के लिए सैंपल
अभियान के तहत संयुक्त टीम ने दुकानों में जाकर साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को परखा। इस दौरान टीम ने बेसन के लड्डू, बालूशाही, मिल्क लॉज और तिल-खोया लड्डू सहित विभिन्न लोकप्रिय मिठाइयों के नमूने (सैंपल) सील किए। इन नमूनों को गुणवत्ता और संभावित मिलावट की गहन जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी भी नमूने में मिलावट या मानक से कम गुणवत्ता पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कार्रवाई से दुकानदारों में मचा हड़कंप, प्रशासनिक टीम रही मौजूद
खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासनिक टीम की इस त्वरित कार्रवाई से दीपावली के मद्देनजर मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वाले दुकानदारों व प्रतिष्ठान संचालकों में पूरे दिन हड़कंप मचा रहा।
इस विशेष निरीक्षण अभियान में तहसीलदार लालकुआं ईश्वर सिंह भीमा, सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (हल्द्वानी ग्रामीण) नंदकिशोर तथा तहसील प्रशासन के कई अन्य कर्मचारी मुख्य रूप से शामिल रहे।

