उत्तराखंड में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को लेकर बड़ा फैसला; 26 अक्टूबर से मिठाई और बेकरी की खुली दुकानों पर भी लिखना होगा मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट

खबर शेयर करें -
देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड में खाद्य सुरक्षा और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत अब प्रदेशभर की मिठाई की दुकानों और बेकरी पर खुली मिठाइयां बेचने वाले कारोबारियों को भी मैन्युफैक्चरिंग डेट (निर्माण तिथि) और एक्सपायरी डेट (उपयोग की अंतिम तिथि) प्रदर्शित करना अनिवार्य कर दिया गया है। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) के आयुक्त विनय शंकर पांडे द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह नई व्यवस्था आगामी 26 अक्टूबर 2026 से पूरे राज्य में प्रभावी हो जाएगी।

अब काउंटर और ट्रे पर लिखनी होगी ताजगी और अवधि की जानकारी

अब तक केवल पैकबंद (पैकेट वाली) मिठाइयों पर ही निर्माण और समाप्ति तिथि लिखना अनिवार्य था, जबकि खुली मिठाइयों और बेकरी उत्पादों के लिए ऐसा कोई प्रावधान नहीं था। इसके चलते ग्राहकों को यह पता नहीं चल पाता था कि काउंटर पर सजी मिठाई किस दिन बनाई गई है और वह कितने दिनों तक खाने योग्य है।
एफडीए द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई थी कि उपभोक्ताओं को खुली मिठाइयों की ताजगी और अवधि की सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। इसी समस्या के समाधान के लिए अब दुकानदारों को बिक्री के लिए रखी जाने वाली खुली मिठाइयों और बेकरी उत्पादों के काउंटर या ट्रे पर स्पष्ट रूप से निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट लिखनी होगी।

खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लिया गया निर्णय, कारोबार में बढ़ेगी पारदर्शिता

खाद्य विभाग के मुताबिक, अलग-अलग मिठाइयों और बेकरी उत्पादों की प्रकृति के हिसाब से उनकी शेल्फ लाइफ (उपयोग अवधि) भिन्न होती है—कुछ उत्पाद केवल एक दिन के लिए होते हैं तो कुछ 30 दिन तक चल सकते हैं।
खाद्य संरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडे ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धाराओं के तहत उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और मानव स्वास्थ्य के संरक्षण को सर्वोपरि रखते हुए यह कदम उठाया गया है। त्योहारी सीजन और शादियों के इस दौर में इस व्यवस्था के लागू होने से उपभोक्ता अधिक जागरूक होकर सुरक्षित और ताजे खाद्य पदार्थों की खरीदारी कर सकेंगे, जिससे खाद्य कारोबार में भी पारदर्शिता आएगी।
यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर में चर्च के पास कार के नीचे लावारिस छोड़ी गई नवजात बच्ची की मौत; अविवाहित मां, नानी और सहयोगी युवक गिरफ्तार
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  महंगे शौक और नशे के लिए महिला का मोबाइल चुराकर उड़ाए लाखों रुपये; सहसपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार