किच्छा: राजस्थान पुलिस का दरोगा बनकर भर्ती के नाम पर 40 हजार ठगने वाला फर्जी पुलिसकर्मी गिरफ्तार; वर्दी और फर्जी दस्तावेज बरामद

किच्छा (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड के किच्छा क्षेत्र के पुलभट्टा थाने की पुलिस ने नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले एक शातिर फर्जी पुलिस अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को राजस्थान पुलिस में दरोगा बताकर भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाता था और पुलिस विभाग में भर्ती कराने के नाम पर रकम ऐंठता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से राजस्थान पुलिस का फर्जी पहचान पत्र, उत्तराखंड पुलिस का फर्जी एडमिट कार्ड, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और एक जोड़ी पुलिस की वर्दी बरामद की है। इस खुलासे के बाद अन्य पीड़ित भी अब पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचने लगे हैं।
क्या था पूरा मामला?
पुलभट्टा थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि नानकमत्ता थाना क्षेत्र के किशनपुर निवासी आशा देवी पत्नी सुखबीर सिंह ने 17 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि एक व्यक्ति ने खुद को राजस्थान पुलिस में दरोगा बताकर उनकी पुत्री तुलसी राणा को उत्तराखंड पुलिस में भर्ती कराने का झांसा दिया।
विश्वास में लेने के लिए आरोपी ने उनसे 40 हजार रुपये ठग लिए और एवज में पुलिस भर्ती से संबंधित एक फर्जी एडमिट कार्ड, पहचान पत्र तथा पुलिस की एक जोड़ी वर्दी भी थमा दी। पीड़िता से जानकारी मिली कि आरोपी वर्तमान में सिरौली कलां क्षेत्र में रह रहा है।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सोमवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर बरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धीरज वर्मा ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद जाहिद पुत्र मोहम्मद इस्माइल (निवासी शरीफ नगर, थाना देवरनिया, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश) को धर दबोचा।
तलाशी के दौरान उसके पास से राजस्थान पुलिस का फर्जी आईकार्ड, उत्तराखंड पुलिस का फर्जी एडमिट कार्ड, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और पुलिस की वर्दी बरामद की गई। पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि इस शातिर ने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है तथा इस ठगी के नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।

