उत्तराखंड वन विभाग में बड़ा फेरबदल: IFS अधिकारियों की तबादला सूची जारी; मुख्यालय से लेकर कई जिलों के DFO बदले

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड वन विभाग में बहुप्रतीक्षित भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारियों की तबादला सूची जारी कर दी गई है। सिविल सर्विस बोर्ड की बैठक के बाद मुख्यमंत्री के अनुमोदन से जारी इस सूची में वन मुख्यालय से लेकर फील्ड स्तर तक बड़े पैमाने पर जिम्मेदारियां बदली गई हैं। तबादला सूची के अनुसार, प्रमुख वन संरक्षक (HoFF) कपिल लाल से कैंपा का प्रभार वापस ले लिया गया है, जबकि एपीसीसीएफ (APCCF) बी.के. गांगटे को कैंपा के साथ वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण का दायित्व सौंपा गया है। इसके अलावा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक नीना ग्रेवाल को चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन (PCCF वाइल्डलाइफ) के साथ प्रबंध निदेशक वन विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार बरकरार रखा गया है।
मुख्यालय के वरिष्ठ अफसरों के दायित्वों में बदलाव
वरिष्ठ अधिकारियों में सुरेंद्र मेहरा को नियोजन के साथ सतर्कता एवं विधि प्रकोष्ठ की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सीसीएफ पराग मधुकर से वन पंचायत प्रभार हटाकर सुशांत कुमार पटनायक को इसका अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। सीएफ चंद्रशेखर सनवाल को वन संरक्षक नोडल कार्यालय तथा नीतू लक्ष्मी को यमुना वृत्त से हटाकर शासन में अपर सचिव वन बनाया गया है। कल्याणी को पुनः यमुना वृत्त की जिम्मेदारी दी गई है।
फील्ड में कई डिवीजनों को मिले नए DFO
फील्ड स्तर पर DFO अमित कंवर को मसूरी से चकराता प्रभाग, वैभव कुमार सिंह को देहरादून और देहरादून के निवर्तमान DFO नीरज कुमार को वन विकास निगम भेजा गया है। इसके अतिरिक्त, हिमांशु बागड़ी को टिहरी, दीपक सिंह को तराई पूर्वी, पुनीत तोमर को तराई पश्चिमी, जीवन मोहन को उत्तरकाशी, अभिमन्यु को अल्मोड़ा, आदित्य रत्न को पिथौरागढ़ और रजत सुमन को केदारनाथ फॉरेस्ट डिवीजन सौंपा गया है। वहीं प्रणाली रमेश को बदरीनाथ, देवी प्रसाद बलूनी को मसूरी, प्रकाश चंद्र आर्य को बागेश्वर, विनीत कुमार को रुद्रप्रयाग, गौरव वर्मा को लैंसडाउन तथा यश ढोबले को नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क की कमान दी गई है।
Ad