लालकुआं: बरेली रोड हाईवे पर फिर खूनी खेल; तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी को रौंदा, दो युवकों की दर्दनाक मौत; तीन दिन में पांच लोगों ने गंवाई जान

खबर शेयर करें -
लालकुआं (नैनीताल)। नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। तीनपानी फ्लाईओवर पर तीन किशोरों की दर्दनाक मौत के जख्म अभी ताजा ही थे कि लालकुआं में एक और भयानक सड़क हादसे ने दो हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। पुराने सुभाष नगर पुलिस चेक पोस्ट के समीप एक तेज रफ्तार कैंटर ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। महज तीन दिनों के भीतर हाईवे पर हुई पांच मौतों से पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया है।

कैंटर ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम स्कूटी (संख्या UK04 AN-5112) पर सवार दो युवक नगला की ओर से लालकुआं की तरफ आ रहे थे। जैसे ही उनकी स्कूटी पुराने सुभाष नगर पुलिस चेक पोस्ट के पास पहुँची, तभी लालकुआं से रुद्रपुर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार कैंटर (संख्या UP25 FT-1983) ने स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले एक की मौत, दूसरे ने इलाज के दौरान توडा दम

घटना की सूचना मिलते ही लालकुआं कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और दोनों घायलों को बिना देर किए एंबुलेंस की मदद से हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (STH) भिजवाया। अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान चेतन बिष्ट (21 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मोहन सिंह बिष्ट (निवासी मानपुर पश्चिम, दौलतपुर, गौलापार, नैनीताल) तथा दीक्षित बिष्ट (24 वर्ष) पुत्र किशन सिंह (निवासी भवाली) के रूप में हुई है। जवान बेटों की असमय मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

तीन दिन, दो भीषण हादसे और चली गईं पांच जानें

बरेली रोड हाईवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसे अब क्षेत्र के लिए नासूर बनते जा रहे हैं। गत शुक्रवार शाम को ही हल्द्वानी के तीनपानी फ्लाईओवर के समीप एक तेज रफ्तार कार के डिवाइडर से टकराने से तीन किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई थी। अब लालकुआं क्षेत्र में कैंटर और स्कूटी की भिड़ंत में दो और युवकों की जान चली गई है। इस तरह महज तीन दिन के भीतर दो बड़े हादसों में पाँच लोगों की मौत होने से हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की अंधाधुंध आवाजाही पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
लालकुआं कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल पहुँचाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड के टॉपर छात्र-छात्राओं के लिए 'भारत दर्शन' शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन, SKM कॉन्वेंट स्कूल की तीन छात्राओं का हुआ चयन
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड के टॉपर छात्र-छात्राओं के लिए 'भारत दर्शन' शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन, SKM कॉन्वेंट स्कूल की तीन छात्राओं का हुआ चयन