सीएम धामी ने उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति की वेबसाइट व ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का किया विमोचन, शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का दिया संदेश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति, देहरादून की आधिकारिक वेबसाइट एवं ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का भव्य विमोचन किया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्था समाज को जागरूक करने और जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाने में सराहनीय भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने से ही प्रदेश के विकास को नई दिशा दी जा सकती है, साथ ही उन्होंने युवाओं से राज्य के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बच्चों की शिक्षा, संस्कार और अनुशासन पर विशेष ध्यान दें: मुख्यमंत्री
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि किसी भी समाज के सर्वांगीण विकास में शिक्षा की अहम भूमिका होती है। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों से अपील की कि वे बच्चों को बेहतर शिक्षा व अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनमें संस्कार, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्वों की भावना विकसित करें, ताकि वे आगे चलकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकें।
विमोचन कार्यक्रम में विधायक सुरेश चौहान सहित कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान, दिगंबर सिंह नेगी, गोविंद बिष्ट, सोहन सिंह नेगी, आशा असवाल, धनपाल रावत, किशन भंडारी, प्रताप सिंह बिष्ट, चंदन सिंह भंडारी सहित समिति के तमाम पदाधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


