किच्छा विधायक के बेटे पर जानलेवा हमला, नकाबपोश बाइक सवारों ने पार्षद सौरभ बेहड़ को बेरहमी से पीटा, हालत गंभीर

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा,रुद्रपुर। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के पुत्र और आवास विकास रुद्रपुर के पार्षद सौरभ बेहड़ पर रविवार शाम नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बाइक सवार हमलावरों ने पहले उनकी स्कूटी को लात मारकर गिराया और फिर सड़क पर गिरे सौरभ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूर्व में हुए एक विवाद के निपटारे को लेकर पंचायत के लिए सौरभ आवास विकास चौकी जा रहे थे, तभी घात लगाए बैठे बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। अचानक हुए हमले और शोर-शराबे से आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप मोहन पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, विधायक शिव अरोड़ा, मेयर विकास शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समेत शहर के कई गणमान्य लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। घायल सौरभ को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बाद में एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस टीम को हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए हैं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद आवास विकास क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं आमजन कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

यह भी पढ़ें 👉  वन्यजीव तस्करी पर बड़ा प्रहार; गुलदार की खाल के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें