निगम में सजी होली की महफ़िल में धामी ने घोला रंग ! ‘मिनी इंडिया’ बना काशीपुर, पहली बार CM की मौजूदगी ने रचा इतिहास

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा,काशीपुर। नगर निगम प्रांगण में आयोजित भव्य होली मिलन समारोह ‘रंगोत्सव’ ने इस बार केवल रंगों की ही नहीं, बल्कि सियासी संदेशों की भी बरसात कर दी। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। काशीपुर की धरती पर किसी महापौर द्वारा आयोजित होली मिलन में पहली बार किसी मुख्यमंत्री की सहभागिता ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।

कार्यक्रम में उमड़े  सैलाब को देख गदगद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “आज इस कार्यक्रम में मुझे मिनी इंडिया के दर्शन हो रहे हैं।” उन्होंने काशीपुर की जनता का आभार जताते हुए कहा कि जिस आत्मीयता से उनका स्वागत हुआ है, उससे उन्हें नई ऊर्जा मिली है और इसी ऊर्जा से वह प्रदेश के विकास को और गति देंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उन्होंने काशीपुर के महापौर दीपक बाली, संयोजक मंडल और सहयोगियों की सराहना की।
लोक-संस्कृति के रंग में रंगा ‘रंगोत्सव’
महापौर दीपक बाली द्वारा निजी तौर पर आयोजित इस भव्य ‘रंगोत्सव’ में उत्तराखंड और देश के विभिन्न हिस्सों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली। लोक गायक इंदर आर्या, गोविंद दिगारी, खुशी जोशी तथा पूर्वांचल के चर्चित गायक आलोक कुमार ने होली गीतों से माहौल को सराबोर कर दिया।
ब्रज के रास कलाकारों द्वारा प्रस्तुत फूलों की होली और पारंपरिक होल्यारों की थाप पर स्वयं मुख्यमंत्री धामी भी झूमते नजर आए। मुख्य चौराहे से लेकर नगर निगम प्रांगण तक रंग, गुलाल और लोकधुनों की गूंज ने पूरे शहर को उत्सव में बदल दिया।

यह भी पढ़ें 👉  शिष्यों को सत्ता की राह दिखाने वाले ‘भगत दा’ ने भतीजे को दिया आशीर्वाद, लालकुआं की सियासत में मची हलचल

 

सामाजिक समरसता का संदेश

समारोह में स्थानीय नागरिकों की भारी भागीदारी ने इसे महज एक सांस्कृतिक आयोजन न रहकर सामाजिक एकता का प्रतीक बना दिया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें 👉  शहर में सीएम धामी का भव्य कार्यक्रम… और पुष्कर बेच रहे मैच के टिकट! बना चर्चा का विषय

बाली बोले – “इतिहास रच दिया”

महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री के आगमन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे पहले काशीपुर में आयोजित किसी होली मिलन समारोह में कोई मुख्यमंत्री शामिल नहीं हुआ। उन्होंने नगर व क्षेत्र की जनता, पार्षदों, जिला एवं स्थानीय प्रशासन तथा नगर निगम टीम का आभार व्यक्त किया।

राजनीतिक जमावड़ा भी रहा खास

कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, जसपुर के विधायक आदेश चौहान, रुद्रपुर के विधायक शिव अरोरा, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट व अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें 👉  पंतनगर: सुरक्षा गार्ड ने 12 वर्षीय मासूम से किया दुष्कर्म; परिसर में हड़कंप, आरोपी गिरफ्तार

संदेश साफ: काशीपुर सियासी केंद्र में

‘रंगोत्सव’ ने यह साफ कर दिया कि काशीपुर अब केवल औद्योगिक नगरी ही नहीं, बल्कि राजनीतिक गतिविधियों का भी अहम केंद्र बनता जा रहा है। होली के बहाने मुख्यमंत्री की मौजूदगी ने यह संकेत दिया कि आने वाले समय में काशीपुर की सियासत और भी गरमाने वाली है।
रंगों के इस महाकुंभ में जहां संस्कृति की खुशबू बिखरी, वहीं सियासत की हलचल भी साफ महसूस की गई — और यही रहा इस बार के ‘रंगोत्सव’ का असली रंग।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad