शिष्यों को सत्ता की राह दिखाने वाले ‘भगत दा’ ने भतीजे को दिया आशीर्वाद, लालकुआं की सियासत में मची हलचल

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा, लालकुआं।राजनीति में समय-समय पर ऐसे दृश्य सामने आते हैं जो दूर तक संदेश दे जाते हैं। अपने सियासी शिष्यों को आशीर्वाद देकर उन्हें ऊंचे पदों तक पहुंचाने वाले ‘भगत दा’ इस बार मंच पर अपने भतीजे के साथ खड़े नजर आए। मौका था लालकुआं विधानसभा में दीपेंद्र कोश्यारी के नवनिर्मित आवास के गृह प्रवेश और होली मिलन समारोह का। रंग-गुलाल के बीच जब पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने भतीजे को आशीर्वाद दिया तो राजनीतिक गलियारों में इसकी गूंज दूर तक सुनाई दी।

 

होली के बहाने सियासी संकेत

समारोह में नैनीताल-उधमसिंहनगर से सांसद अजय भट्ट सहित प्रदेश के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। होली गीतों पर झूमते नेताओं और उमड़े समर्थकों की भीड़ ने यह साफ संकेत दिया कि यह आयोजन महज पारिवारिक नहीं, बल्कि राजनीतिक रूप से भी अहम था।
दीपेंद्र कोश्यारी बीते कुछ वर्षों से लालकुआं विधानसभा में लगातार सक्रिय हैं। बिना किसी बड़े राजनीतिक पद पर रहे, उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाकर युवाओं और आमजन के बीच मजबूत पकड़ बनाई है। समर्थकों का दावा है कि जितनी पैठ उन्होंने कुछ वर्षों में बनाई, उतनी स्थापित जनप्रतिनिधि भी वर्षों में नहीं बना सके।

यह भी पढ़ें 👉  कलयुगी बेटे की शर्मनाक करतूत: ऋषिकेश में शराब पीने से टोकने पर मां को मारी गोली, हालत गंभीर

राजस्व गांव पर बड़ा भरोसा

कार्यक्रम के दौरान बिंदुखत्ता के राजस्व गांव का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। भगत सिंह कोश्यारी ने मंच से आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार इस विषय पर गंभीर है और जल्द ही सकारात्मक निर्णय होगा। यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्षेत्र में यह मुद्दा वर्षों से राजनीतिक केंद्र बना हुआ है।

यह भी पढ़ें 👉  सैलानियों से गुलजार सरोवर नगरी: नैनीताल में खत्म हुई 'ऑफ सीजन' की धारणा, वीकेंड पर पहुंचे 16 हजार से अधिक पर्यटक

विपक्ष सतर्क, सियासी पारा चढ़ा

लालकुआं से भाजपा के प्रबल दावेदार माने जा रहे दीपेंद्र की सक्रियता ने विपक्ष को भी चौकन्ना कर दिया है। करीब दस वर्षों से सीट से दूर रही कांग्रेस अब कोई चूक नहीं करना चाहती। होली के मौके पर हुए इस शक्ति प्रदर्शन ने विरोधियों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं।

“नया घर, नया संकल्प”

भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि नया घर नई ऊर्जा और नए संकल्प का प्रतीक है। उन्हें विश्वास है कि दीपेंद्र जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे। सांसद अजय भट्ट ने होली को सामाजिक समरसता का पर्व बताते हुए ऐसे आयोजनों को सकारात्मक संदेश देने वाला बताया।
स्वयं दीपेंद्र कोश्यारी ने क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए कहा कि वे विकास कार्यों को निरंतर गति देते रहेंगे और होली को प्रेम व भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी : आसमान छूती कीमतों से सर्राफा बाजार सुस्त: शादियों के सीजन में भारी गहनों की जगह 'लाइट वेट' आभूषणों की बढ़ी मांग

चुनाव दूर, लेकिन संकेत साफ

भले ही चुनाव में अभी समय है, लेकिन लालकुआं में सियासी बिसात बिछनी शुरू हो चुकी है। होली के बहाने हुआ यह आयोजन आने वाले विधानसभा चुनाव की प्रस्तावना जैसा माना जा रहा है। ‘भगत दा’ के आशीर्वाद के साथ दीपेंद्र की एंट्री ने साफ कर दिया है कि लालकुआं की राजनीति में अब मुकाबला दिलचस्प होने वाला है।

Ad