
राजू अनेजा, काशीपुर।जिसे प्यार समझकर जीवन सौंपा, वही रिश्ता दो दशक बाद भी जख्म देता रहा। लव मैरिज करने वाली काशीपुर की एक बेटी का आरोप है कि उसने 20 साल ससुराल में अपमान, उपेक्षा और कथित यातनाएं झेलीं—और अब हालात ऐसे हैं कि पिछले ढाई साल से वह गुरुद्वारे के राशन-पानी के सहारे जिंदगी काटने को मजबूर है। आत्महत्या की मंशा जताने के बाद सिख समाज खुलकर उसके समर्थन में आ गया है।
मोहल्ला पक्काकोट स्थित गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में आयोजित पत्रकार वार्ता में पीड़िता सुखविंदर कौर ने हेड ग्रंथी सूबा सिंह और बाजपुर गुरुद्वारा प्रबंधक कुलविंदर सिंह किंदा की मौजूदगी में अपना दर्द सार्वजनिक किया।
2006 में किया प्रेम विवाह, अब रिश्तों पर सवाल
पीड़िता के अनुसार वर्ष 2006 में उसने जसपुर खुर्द निवासी गुरताज सिंह (पुत्र निशान सिंह) से प्रेम विवाह किया। शादी के बाद दो जुड़वां बेटों का जन्म हुआ, लेकिन आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसे कभी स्वीकार नहीं किया। उसे घर से निकालने की धमकियां दी गईं और मानसिक प्रताड़ना का सिलसिला चलता रहा।
महिला का कहना है कि उसे सामाजिक कार्यक्रमों में साथ नहीं ले जाया जाता था और घर में कैद जैसा माहौल बना दिया गया। दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न के आरोप भी उसने लगाए हैं।
एक बेटा साथ, दूसरा ससुराल के पास
पीड़िता का दावा है कि उसके एक बेटे को ससुराल पक्ष ने अपने पास रख लिया है, जबकि उसके साथ रहने वाले दूसरे बेटे को भी प्रताड़ित किया जाता है। बेटे ने भी मीडिया के सामने अपनी पीड़ा बयां की।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी विवाहिता ननद मायके में रहकर अपनी मां के साथ मिलकर उसे और उसके बेटे को परेशान करती है। छह-सात महीने पहले कमरे की खिड़कियां बंद कर देने जैसे गंभीर आरोप भी उसने लगाए—ताकि वह घुटकर मर जाए।
“जीते जी इंसाफ चाहिए”
कैमरे के सामने भावुक अपील करते हुए महिला ने कहा—“अगर मुझे न्याय नहीं मिला तो मैं जी नहीं पाऊंगी।” उसके इस बयान ने समाज को झकझोर दिया है।
गुरुद्वारा प्रबंधक कुलविंदर सिंह किंदा ने बताया कि कई संभ्रांत लोगों ने उसके ससुर से बात की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने पुलिस प्रशासन से हस्तक्षेप कर पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है—
क्या प्रेम विवाह करने की कीमत एक महिला को पूरी उम्र चुकानी पड़ेगी?
क्या प्रशासन उसकी गुहार सुनेगा, या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा?
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


