
बहेड़ी से खरीदकर हल्द्वानी में बेचने का कर रहे थे काम, पुलभट्टा में कुमाऊं एसओटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने दबोचा; नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों की तलाश तेज
राजू अनेजा,काशीपुर/रुद्रपुर। देवभूमि उत्तराखंड के युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने के लिए दूसरे राज्य से नशीले इंजेक्शनों की खेप पहुंचाई जा रही थी। नशे के इस कथित कारोबार पर कुमाऊं एसओटीएफ और पुलभट्टा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी चोट करते हुए 215 नशीले इंजेक्शन के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करी के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर की देर रात पुलभट्टा थाना क्षेत्र के सिरौली चौराहे के पास संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बहेड़ी की ओर से स्कूटी पर आ रहे दो युवकों को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके कब्जे से 115 ब्यूप्रेनॉर्फिन और 100 एविल समेत कुल 215 इंजेक्शन बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिहान (19) पुत्र अब्बास अली और आमिर (29) पुत्र मोहम्मद अजीज अंसारी, निवासी वार्ड नंबर-24 बनभूलपुरा, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
बहेड़ी से खरीद, हल्द्वानी में सप्लाई का दावा
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे बहेड़ी निवासी अब्दुल्ला नामक व्यक्ति से इंजेक्शन खरीदकर हल्द्वानी में बेचते थे। इस खुलासे के बाद पुलिस अब कथित सप्लाई नेटवर्क की अन्य कड़ियों का पता लगाने में जुट गई है। हालांकि, इंजेक्शन की आपूर्ति करने के आरोपों की जांच जारी है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पुलभट्टा में मुकदमा अपराध संख्या 190/26, धारा 8/22/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नशीले इंजेक्शनों की सप्लाई कहां-कहां की जानी थी और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प के तहत कार्रवाई
मुख्यमंत्री के नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को लेकर कुमाऊं पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को पुलिस ने अभियान की महत्वपूर्ण सफलता बताया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में रेंज एसओटीएफ प्रभारी मय टीम, हेड कांस्टेबल कुलदीप आर्या और थाना पुलभट्टा के कांस्टेबल मनोज मेहरा शामिल रहे।
नशे के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए केवल तस्करों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि सप्लाई के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना भी कितना जरूरी है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

