शादियों में दावत उड़ाने वालों सावधान ! आपकी थाली में पनीर के नाम पर परोसा जा सकता है सफेद जहर, यूपी से रोजाना कई कुंतल नकली पनीर की आवक

खबर शेयर करें -

न प्रशासन गंभीर, न खाद्य विभाग की निगरानी का कोई असरदार खौफ! मिलावटी पनीर के कारोबार से जुड़े कथित सौदागर चांदी काटने में जुटे, शादी समारोहों में हजारों मेहमानों की सेहत पर मंडरा रहा खतरा; आखिर जनता की थाली की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी?

राजू अनेजा,काशीपुर। शादियों का सीजन शुरू होते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बैंड-बाजा, बारात और दावतों के बीच मेहमानों की थालियां तरह-तरह के पकवानों से सज रही हैं। शाही पनीर, मटर पनीर और पनीर की दूसरी लजीज सब्जियां शादी के भोजन का खास हिस्सा बनी हुई हैं। लेकिन इस चमक-दमक के बीच एक ऐसा सवाल खड़ा हो रहा है, जिसे नजरअंदाज करना हजारों लोगों की सेहत पर भारी पड़ सकता है। आखिर शादी समारोहों में मेहमानों को परोसा जा रहा पनीर कितना शुद्ध है? कहीं स्वाद के नाम पर उनकी थाली में मिलावट का सफेद जहर तो नहीं पहुंच रहा?

सहालग के दौरान काशीपुर में पनीर की मांग कई गुना बढ़ जाती है। इसी बढ़ती मांग के बीच उत्तर प्रदेश की ओर से रोजाना कई कुंतल संदिग्ध और कथित नकली पनीर की खेप पहुंचने की चर्चाएं सामने आ रही हैं। यदि इन सूचनाओं में सच्चाई है तो यह केवल खाद्य पदार्थों में मिलावट का मामला नहीं, बल्कि आम जनता की सेहत से जुड़ा बेहद गंभीर विषय है। सवाल यह भी है कि बाहरी क्षेत्रों से आने वाली इन खेपों की गुणवत्ता की जांच कौन कर रहा है और इन्हें शहर में खपाने वाले थोक कारोबारियों की जवाबदेही आखिर तय कौन करेगा?

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर: सुल्तानपुर पट्टी के पिपलिया में फ्रोजन मटर प्लांट में अमोनिया गैस का रिसाव; मची अफरातफरी, 5 घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू और प्लांट सील

 

सफेद दिखने वाला हर पनीर शुद्ध नहीं!

पनीर का सफेद रंग और आकर्षक दिखावट उसकी शुद्धता की गारंटी नहीं है। बाजार में असली दूध से तैयार पनीर और संदिग्ध गुणवत्ता वाले उत्पाद के बीच आम ग्राहक के लिए अंतर पहचानना आसान नहीं होता। शादी समारोहों में तो स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। आयोजक और कैटरिंग संचालक बड़ी मात्रा में पनीर खरीदते हैं। ऐसे में यदि खरीद का आधार सिर्फ कम कीमत है और गुणवत्ता की जांच नहीं की जाती तो मेहमानों की सेहत जोखिम में पड़ सकती है।

 

यूपी से खेप, काशीपुर में खपत और जिम्मेदारों की चुप्पी!

सबसे बड़ा सवाल पनीर की आपूर्ति के स्रोत को लेकर है। बाहरी क्षेत्रों से आने वाले पनीर की गुणवत्ता, निर्माण स्थल, परिवहन और भंडारण की जांच होना जरूरी है। आखिर रोजाना आने वाली खेप कहां उतरती है? किन थोक विक्रेताओं के माध्यम से डेयरियों, दुकानों और कैटरिंग संचालकों तक पहुंचती है? क्या इनके बिल और खरीद के दस्तावेज जांचे जाते हैं? यदि सब कुछ नियमानुसार है तो विभाग को जांच का ब्योरा सार्वजनिक करने में परेशानी क्यों होनी चाहिए?

 

मिलावट के कारोबार में दलालों की चांदी, जनता की सेहत दांव पर!

मिलावट के कारोबार में यदि बिचौलियों और कथित सप्लायरों की भूमिका है तो उनकी पहचान करना जरूरी है। कम कीमत पर संदिग्ध पनीर की आपूर्ति कर अधिक मुनाफा कमाने का खेल आम लोगों की सेहत के लिए खतरा बन सकता है। ऐसे कारोबार पर केवल औपचारिक निरीक्षण से अंकुश नहीं लगेगा। आपूर्ति की पूरी कड़ी की जांच और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा: 10 माह की बेटी के रोने पर पति की डांट से क्षुब्ध 23 वर्षीय विवाहिता ने लगाई फांसी; फंदे पर लटका मिला शव, क्षेत्र में मचा हड़कंप

 

ना प्रशासन गंभीर नजर आ रहा, ना खाद्य विभाग की सक्रियता दिख रही!

सहालग जैसे व्यस्त सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। सवाल है कि अब तक कितने पनीर विक्रेताओं, डेयरियों और थोक सप्लायरों के यहां छापेमारी हुई? कितने नमूने लिए गए? कितने नमूनों की प्रयोगशाला से जांच कराई गई और कितनों के खिलाफ कार्रवाई हुई? क्या शादी समारोहों में बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होने वाले पनीर की गुणवत्ता जांचने के लिए कोई विशेष अभियान चलाया गया है?

यदि विभाग ने कार्रवाई की है तो उसका ब्यौरा जनता के सामने आना चाहिए। यदि नहीं, तो यह चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। आखिर मिलावट की आशंकाओं के बीच जिम्मेदार महकमे सक्रिय कब होंगे?

 

जनता की थाली की सुरक्षा कौन करेगा?

शादी में आने वाला मेहमान आयोजक पर भरोसा करके भोजन करता है। उसे यह पता नहीं होता कि पनीर किस डेयरी से आया, किसने सप्लाई किया और उसकी गुणवत्ता की जांच हुई भी या नहीं। इसलिए यह जिम्मेदारी केवल ग्राहकों की नहीं, बल्कि प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की भी है।

यह भी पढ़ें 👉  शीतकाल के लिए आज रात 9:37 बजे बंद होंगे भगवान बदरीनाथ धाम के कपाट; बर्फबारी के बीच उमड़े श्रद्धालु, इस यात्रा वर्ष 23.30 लाख से अधिक ने किए दर्शन

अब जरूरत है कि उत्तर प्रदेश से आने वाली पनीर की खेपों के स्रोत की जांच हो, थोक विक्रेताओं और बड़े सप्लायरों के यहां औचक निरीक्षण किया जाए, नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे जाएं और मिलावट प्रमाणित होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

सवाल सीधा है—शादियों में मेहमानों को स्वादिष्ट भोजन परोसने के नाम पर उनकी सेहत से खिलवाड़ की आशंका को कब तक नजरअंदाज किया जाएगा? आखिर काशीपुर की जनता को शुद्ध पनीर और सुरक्षित भोजन की गारंटी कौन देगा?

 

अब खाद्य विभाग से जनता के पांच सीधे सवाल

यूपी से आने वाले पनीर की खेपों की नियमित जांच हो रही है या नहीं?

सहालग के दौरान अब तक कितने पनीर के नमूने लिए गए?

शहर में पनीर की थोक सप्लाई करने वाले कारोबारियों का सत्यापन हुआ है या नहीं?

शादी समारोहों और कैटरिंग संचालकों को सप्लाई किए जा रहे पनीर की गुणवत्ता कौन जांच रहा है?

यदि मिलावट का कारोबार चल रहा है तो अब तक कितने लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई?

जनता जवाब चाहती है, आश्वासन नहीं। क्योंकि शादी की थाली में परोसा जाने वाला भोजन मेहमानों की सेहत का सवाल है।