काशीपुर में मिलावट के खेल की खबर से टूटी खाद्य विभाग की नींद! डेयरियों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, मावा-पनीर के पांच सैंपल भरे

खबर शेयर करें -

सप्लाई नेटवर्क पर कार्रवाई को लेकर उठे सवाल, नई सब्जी मंडी की डेयरियों से लिए गए नमूने; जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

राजू अनेजा, काशीपुर।काशीपुर में मावा और पनीर की आपूर्ति को लेकर मिलावट की आशंकाओं पर उठ रहे सवालों के बीच आखिरकार खाद्य सुरक्षा विभाग की नींद टूट गई। मिलावट के खेल को लेकर खबर सामने आने के बाद गुरुवार शाम विभागीय टीम ने आनन-फानन में बाजार और नई सब्जी मंडी क्षेत्र की डेयरियों में छापेमारी कर मावा-पनीर के पांच नमूने एकत्र किए। अचानक हुई इस कार्रवाई से डेयरी कारोबारियों में हलचल रही।

 

खबर के बाद हरकत में आई टीम, डेयरियों में पहुंचकर भरे सैंपल

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह के नेतृत्व में टीम ने बाजार स्थित रामरुप-दिनेश चंद्र फर्म से मावे का एक नमूना लिया। वहीं नई सब्जी मंडी स्थित काशीपुर डेयरी, लक्ष्मी डेयरी और श्री आनंदपुर डेयरी से पनीर के एक-एक नमूने लिए गए। अभियान में कुल पांच नमूने एकत्र किए गए हैं। इन्हें जांच के लिए खाद्य एवं औषधि विश्लेषण प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  काशीपुर में नहीं थम रहा मिलावटी खोये-पनीर का कारोबार! खाद्य विभाग की निगरानी पर उठे सवाल, प्रशासन की चुप्पी से जनता की सेहत खतरे में!

 

दुकानों पर छापेमारी, सप्लाई नेटवर्क पर कब कसेगा शिकंजा?

खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल मावा और पनीर की सप्लाई व्यवस्था को लेकर है। बाजार में दुकानों और डेयरियों तक पहुंचने वाले माल का स्रोत क्या है? इसे कहां तैयार किया जा रहा है और किन माध्यमों से शहर में इसकी आपूर्ति हो रही है? इन सवालों की पड़ताल भी जरूरी है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर उत्तराखंड पुलिस में बड़ा फेरबदल; कुमाऊं परिक्षेत्र के 29 निरीक्षकों के तबादले, तीन महिला इंस्पेक्टर भी शामिल

सुबह तड़के डिलीवरी वैन के जरिए होने वाली आपूर्ति और माल के निर्माण स्थलों की जांच के बिना मिलावट की आशंकाओं की पूरी तस्वीर सामने आना मुश्किल है। ऐसे में खाद्य विभाग को केवल दुकानों से नमूने लेने तक सीमित न रहकर सप्लाई की पूरी कड़ी की पड़ताल भी करनी चाहिए।

 

अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट खोलेगी गुणवत्ता का राज

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह ने बताया कि सभी पांच नमूने जांच के लिए रुद्रपुर प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। रिपोर्ट में मिलावट अथवा निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा।

 

सैंपलिंग के बाद अब कार्रवाई का इंतजार

फिलहाल विभागीय छापेमारी के बाद निगाहें प्रयोगशाला की रिपोर्ट पर टिकी हैं। लेकिन उपभोक्ताओं की अपेक्षा सिर्फ नमूने भरने तक सीमित नहीं है। जरूरत इस बात की है कि खाद्य विभाग माल की गुणवत्ता के साथ उसके निर्माण और आपूर्ति के स्रोत की भी जांच करे। आखिर आम आदमी की थाली तक पहुंचने वाले मावा और पनीर की शुद्धता सुनिश्चित करना भी विभाग की जिम्मेदारी है। अब देखना यह है कि यह अभियान मिलावट की जड़ तक पहुंचता है या कार्रवाई सैंपलिंग तक ही सिमटकर रह जाती है।

यह भी पढ़ें 👉  स्टोन क्रशर कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाकर 7 करोड़ की वसूली का सनसनीखेज मामला; नशीला प्रसाद खिलाकर बनाए आपत्तिजनक वीडियो, 5 करोड़ नकद और 2 करोड़ के 4 प्लॉट हड़पे, 7 पर मुकदमा दर्ज