लिव-इन में साथ चलने से इनकार करने पर भड़का पूर्व सीआरपीएफ जवान; महिला व उसके दो मासूम बच्चों पर खुखरी से किया जानलेवा हमला, पुलिस ने आरोपित को दबोचा

खबर शेयर करें -
काशीपुर (ऊधमसिंह नगर)। कोतवाली आईटीआई पुलिस ने खड़कपुर देवीपुरा क्षेत्र में एक महिला और उसके दो बच्चों पर खुखरी से हुए जानलेवा हमले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए नामजद आरोपित संजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को एएसपी स्वप्न किशोर सिंह ने मामले का पर्दाफाश करते हुए बताया कि रुपयों के लेन-देन से शुरू हुई जान-पहचान के बाद आरोपित ने महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप का प्रमाणपत्र तक बनवा लिया था, लेकिन जब महिला ने उसके साथ चलने से इनकार कर दिया, तो गुस्से में आकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला।

घर में बिखरा मिला खून, सीसीटीवी व सर्विलांस की मदद से अस्पताल तक पहुंची पुलिस

एएसपी ने जानकारी दी कि वादी सचिन कुमार 18 नवंबर की रात करीब नौ बजे बरेली से ट्रेन द्वारा काशीपुर पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी रिंकी का फोन आया कि संजय ने उन पर हमला कर दिया है, जिसके तुरंत बाद संपर्क टूट गया। बदहवास हालत में जब सचिन घर पहुंचे, तो गेट, रैंप, बरामदे, लॉबी और कमरे में चारों ओर खून बिखरा पड़ा था। किरायेदारों ने बताया कि चीख-पुकार सुनकर जब वे बाहर आए, तो एक व्यक्ति घायल महिला, बच्चों और दो बैगों को ‘सीआरपीएफ’ लिखी कार में बैठाकर ले गया था।
सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से तलाश शुरू की, तो घायल महिला रिंकी और उसके दोनों बच्चे केवीआर अस्पताल में गंभीर अवस्था में भर्ती मिले। चौंकाने वाली बात यह रही कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने वाला आरोपित संजय भी वहीं मौजूद मिला, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने 19 नवंबर को हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की, जिसमें बाद में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई।

लेन-देन से शुरू हुई नजदीकी, तलाक की प्रक्रिया के बाद भी साथ जाने को राजी नहीं थी महिला

पुलिस पूछताछ में हमले की चौंकाने वाली वजह सामने आई। आरोपित संजय ने वर्ष 2024 में सीआरपीएफ से वीआरएस (स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति) लिया था। सचिन से उसकी पुरानी जान-पहचान और रुपयों का लेन-देन था। जब सचिन ने मांगने पर रुपये वापस नहीं किए, तो संजय ने उसकी पत्नी रिंकी का मोबाइल नंबर लेकर बातचीत शुरू कर दी और धीरे-धीरे उससे घनिष्ठता बढ़ा ली।
इसी क्रम में मई 2026 में संजय ने लिव-इन रिलेशनशिप का प्रमाणपत्र भी बनवा लिया और अपनी पत्नी को तलाक देने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी। हालांकि, इसके बावजूद रिंकी उसके साथ जाने को तैयार नहीं हुई, जिससे संजय के भीतर गुस्सा पनपता चला गया।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम, खून से सनी खुखरी और कार बरामद

घटनाक्रम का ब्योरा देते हुए पुलिस ने बताया कि 18 नवंबर की दोपहर संजय, रिंकी के घर गया था, लेकिन गेट बंद मिलने पर लौट आया। इसके बाद वह केंद्रीय विद्यालय से बच्चों को अपनी कार में बैठाकर घर ले आया। रिंकी द्वारा फोन पर सचिन के घर होने की बात कहने पर वह इंतजार करता रहा और घर खाली होने पर जाली वाला गेट खुला देखकर अंदर जा घुसा। रात करीब नौ बजे जब रिंकी घर पहुंची, तो संजय को देखकर भागने लगी। इस पर संजय ने उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया और जब बच्चों ने विरोध किया, तो उसने खुखरी से महिला की गर्दन तथा बच्चों के मुंह, गर्दन व उंगली पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर केवीआर अस्पताल के बाहर खड़ी क्विड कार (संख्या यूपी 12 एएस 7834) से वारदात में प्रयुक्त खून से सनी खुखरी व लकड़ी की म्यान बरामद कर ली है। इसके साथ ही कार से एक लाल रंग का बैग (जिसमें पीड़िता के कपड़े व दस्तावेज थे) और गहरे जामुनी रंग का बैग (जिसमें बच्चों के कपड़े व लेडीज पर्स में रखे सफेद धातु के आभूषण थे) भी जब्त कर लिए गए हैं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  गुरु के रंग में रंगा काशीपुर !श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर अमृत वेले प्रभात फेरियों से गूंजी शहर की गलियां