दिल दहला देने वाली वारदात: भतीजे ने कुल्हाड़ी से वार कर चाचा को उतारा मौत के घाट, क्षेत्र में दहशत

खबर शेयर करें -
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के दूरस्थ मोरी विकासखंड अंतर्गत धोला-बरी दांताधार तोक में सोमवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज हत्याकांड से हड़कंप मच गया। पूर्व रंजिश और पारिवारिक विवाद के बीच आरोपी भतीजे सुमन चंद ने अपने ही चाचा करम चंद पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गर्दन और हाथ पर कुल्हाड़ी के कई वार लगने से करम चंद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौका-ए-वारदात से फरार हो गया। तहसील मुख्यालय मोरी से लगभग 62 किलोमीटर दूर स्थित घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव भेजा।
प्रधान काल की जांच की मांग से नाराज था आरोपी, पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा
घटना के संबंध में मृतक की पत्नी बिरमा देवी की तहरीर के आधार पर मोरी पुलिस ने आरोपी सुमन चंद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष दीपक रावत ने बताया कि शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। परिजनों के अनुसार, 3-4 साल पहले मृतक ने तत्कालीन प्रधान (जो आरोपी की दादी थीं) के कार्यकाल के कार्यों की जांच की मांग उठाई थी, जिससे आरोपी रंजिश रखता था। दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या के बाद सेवा, बरी, धोला और हड़वाड़ी गांवों में भारी भय व दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  कालाढूंगी तहसील में बड़ा हादसा: एसआईआर आपत्ति का निस्तारण कराने पहुंचे 80 वर्षीय बुजुर्ग की सीढ़ियों से गिरकर मौत, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल