पीलीभीत (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में प्रेम संबंधों का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड) की रहने वाली एक शादीशुदा महिला ने अपने प्रेमी की लोहे की रॉड से मारकर हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने की नीयत से ट्रक के केबिन में आग लगा दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी महिला अमनदीप कौर को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती दौर में पुलिस और परिजन इसे महज एक सड़क हादसा मान रहे थे, लेकिन कॉल डिटेल और सर्विलांस की गहराई से की गई जांच ने इस खौफनाक हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया।
10 जुलाई की रात हुई थी घटना, पहले माना जा रहा था हादसा
घटनाक्रम के अनुसार, 10 जुलाई की रात पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र में बड़ी नहर के समीप एक फोम से लदे ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में ट्रक चालक बलविंदर सिंह (निवासी रुद्रपुर) की जलकर दर्दनाक मौत हो गई थी। बलविंदर 10 जुलाई की सुबह रुद्रपुर से फोम लेकर नेपाल के लिए निकला था। घटना के बाद मृतक के भाई गुरमीत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सर्विलांस और दूसरे मोबाइल नंबर ने खोला हत्या का राज
जांच के दौरान सर्विलांस टीम को बलविंदर के एक गुप्त मोबाइल नंबर का पता चला, जिससे रुद्रपुर निवासी अमनदीप कौर के साथ लगातार बातचीत के प्रमाण मिले। घटना की रात अमनदीप की मोबाइल लोकेशन भी पूरनपुर में वारदात स्थल के आसपास ही पाई गई। कड़ाई से की गई पूछताछ में अमनदीप ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पिछले तीन सालों से उनके बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन शादीशुदा होने के कारण उसे डर था कि इस रिश्ते की वजह से उसका हंसता-खेलता वैवाहिक जीवन बर्बाद हो जाएगा। इसी डर से पीछा छुड़ाने के लिए उसने बलविंदर को रास्ते में मिलने बुलाया।
केबिन में विवाद के बाद सिर पर मारी रॉड, फिर डीजल उड़ेलकर लगाई आग
अमनदीप के अनुसार, 10 जुलाई की रात पूरनपुर क्षेत्र में वह बलविंदर से उसके ट्रक के केबिन में मिली, जहाँ दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर अमनदीप ने लोहे की रॉड से बलविंदर के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। इसके बाद उसने केबिन में रखा डीजल बलविंदर और ट्रक पर उड़ेलकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गई। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


