
राजू अनेजा,काशीपुर। शहर में शॉल बेचकर गुजर-बसर कर रहे कश्मीर मूल के युवक के साथ कुछ अज्ञात युवकों द्वारा अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।
कश्मीर निवासी बिलाल पिछले करीब नौ वर्षों से उत्तराखंड में रहकर शॉल बेचने का काम कर रहा है। बिलाल ने 25 दिसंबर को कोतवाली काशीपुर में दी तहरीर में बताया कि 22 दिसंबर को वीरभूमि एनक्लेव के सामने कुछ अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने उससे अभद्रता की, दुर्व्यवहार किया और जबरन नारे लगाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर बिलाल के साथ मारपीट की गई और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया।
वायरल वीडियो बना कार्रवाई की वजह
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि 24 दिसंबर को यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें काशीपुर के कुछ युवक कश्मीर मूल के युवक के साथ अभद्रता करते नजर आ रहे थे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाने की कार्रवाई की। साथ ही पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि किसी के साथ इस तरह का कृत्य करना और उसका वीडियो बनाकर प्रसारित करना पूरी तरह गैरकानूनी है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो हटाए जाने के बावजूद यदि कोई अकाउंट इसे प्रसारित कर रहा है तो उनकी पहचान कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
सीओ दीपक सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पुलिस हिरासत में लिया गया है। प्रकरण की निष्पक्ष और गहन विवेचना की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस घटना ने न सिर्फ कानून-व्यवस्था बल्कि सामाजिक सौहार्द पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, जिस पर पुलिस प्रशासन अब सख्त रुख अपनाए हुए है।


