हल्द्वानी में खड़गे का शंखनाद: अयोध्या से बदरीनाथ तक ‘लूट’ का आरोप, भाजपा-संघ की देशभक्ति पर सवाल, CM धामी भी निशाने पर
हल्द्वानी। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 के लिए हल्द्वानी के रामलीला मैदान से कांग्रेस ने ‘विजय शंखनाद रैली’ के जरिए चुनावी बिगुल फूंक दिया है। रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर तीखे हमले किए। उन्होंने अयोध्या से लेकर बदरीनाथ तक ‘लूट’ मचाने का आरोप लगाते हुए भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (संघ) को ‘देशभक्ति के प्रमाण’ के मुद्दे पर भी घेरा।
संसद में चर्चा से डरती है भाजपा, देशभक्ति का प्रमाण देने वाले आजादी के आंदोलन में नदारद
खड़गे ने आरोप लगाया कि करोड़ों लोगों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों और जेनजी आंदोलन (युवाओं के आंदोलन) पर जब कांग्रेस संसद में चर्चा की मांग करती है, तो भाजपा सरकार डरकर चर्चा से भागती है। उन्होंने भाजपा व संघ को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा, “दूसरों को देशभक्ति का प्रमाण देने वाले इन लोगों की हकीकत यह है कि आजादी के आंदोलन में इनका कोई योगदान नहीं था।” उन्होंने उत्तराखंड को ‘वीरभूमि’ बताते हुए कहा कि यहां के लोग हमेशा देशहित के लिए लड़े हैं, चाहे वह आजादी की जंग हो या सीमा पर दुश्मनों से। देश के पहले परमवीर चक्र विजेता भी इसी पवित्र भूमि से थे।
राहुल गांधी वंचितों की आवाज, मोदी-शाह और ‘चेले’ किसानों-मजदूरों से नहीं मिलते
खड़गे ने राहुल गांधी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे अक्सर वंचितों और परेशान वर्ग की आवाज को बुलंद करते हैं। इसके विपरीत, उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और “इनका कोई चेला” (स्थानीय नेता) आज तक किसी किसान, मजदूर या युवा से मिलने नहीं गया, न ही उनकी समस्याओं को सुना।
CM धामी सड़कों के गड्ढे तो भर नहीं पाए, होर्डिंग्स-बैनरों पर जनता का पैसा बहा रहे
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को निशाने पर लेते हुए खड़गे ने कहा, “इस राज्य का मुख्यमंत्री सड़कों के गड्ढे तो भर नहीं पा रहा, लेकिन अपनी औैर मोदी की फोटो से जुड़े होर्डिंग-बैनरों पर जनता का पैसा जमकर बहाया जा रहा है।” उन्होंने इसे जनता की गाढ़ी कमाई की बर्बादी करार दिया। खड़गे की इस रैली को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।


