खटीमा: 20 वर्षीय युवक की गला घोंटकर हत्या; दोस्त ने वारदात के बाद गटर में छिपाया शव, 600 रुपये और नाड़ा बरामद

खबर शेयर करें -
खटीमा (ऊधमसिंह नगर)। ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां शिव कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय अभय उर्फ लल्लू की उसके ही परिचित ने गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को गटर में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर गटर से शव, आलाकत्ल (नाड़ा) और मृतक से लूटे गए रुपयों में से शेष बचे 600 रुपये बरामद कर लिए गए हैं।

गुमशुदगी की जांच के दौरान आरोपी पर गहराया शक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अभय गत 7 नवंबर की रात करीब 9 बजे अपने घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा 8 नवंबर तक उसकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 9 नवंबर को मृतक के भाई रवि ने कोतवाली खटीमा में अभय की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
तहरीर में भाई ने यह महत्वपूर्ण जानकारी दी कि अभय का मोबाइल फोन उसके परिचित संजय गुप्ता के पास मिला है। इस अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने संदेह के घेरे में आए संजय गुप्ता को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।

पैसों के लालच में दिया वारदात को अंजाम, पटाखों में उड़ाए लूटे गए रुपये

पुलिस की सख्त पूछताछ में आरोपी संजय गुप्ता टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि 7 नवंबर की रात करीब 11 बजे उसने अभय की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद उसने शव को शिव कॉलोनी के पीछे चौधरी के प्लॉट में बने गटर के अंदर छिपा दिया था।
आरोपी ने खुलासा किया कि वारदात के बाद उसने मृतक के पास से 2,300 रुपये और उसका मोबाइल फोन छीन लिया था। मोबाइल तो उसने मृतक के भाई को दे दिया, जबकि छीने गए रुपयों में से 1,700 रुपये उसने दीपावली के पटाखे खरीदने में उड़ा दिए। पुलिस ने आरोपी के पास से बचे हुए 600 रुपये (500 और 100 रुपये के नोट) बरामद किए हैं।

गटर से शव बरामद, धाराओं में तरमीम कर भेजा जेल

आरोपी का जुर्म कबूलने के बाद पुलिस टीम उसे साथ लेकर बताए गए घटनास्थल पर पहुंची, जहां उसकी निशानदेही पर गटर से अभय का शव बरामद किया गया। मृतक के भाई रवि ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान अभय उर्फ लल्लू के रूप में की। इसके अलावा, पुलिस ने शौचालय के पीछे से हत्या में इस्तेमाल किया गया सफेद-काले रंग का नाड़ा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी संजय गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट को हत्या और साक्ष्य छिपाने की संगीन धाराओं में तरमीम करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत मुकदमा (FIR सं. 346/2026) पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर: 46वीं वाहिनी PAC में ट्रेनी रिक्रूट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत; स्टील मग के टुकड़े से गला कटने की आशंका, परिजनों ने उठाए सवाल
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  रामनगर: दीपावली के पटाखों की चिंगारी से चुना भट्टा क्षेत्र में आरा मशीन में लगी भीषण आग; दमकल विभाग ने पाया काबू