लालकुआं: ओवरलोड पराल भरी ट्रॉलियों से पोल क्षतिग्रस्त होने पर हंगामा; चेयरमैन और कोतवाल के बीच तीखी नोकझोंक, समर्थकों संग धरने पर बैठे अध्यक्ष

खबर शेयर करें -
लालकुआं (नैनीताल)। नगर क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों की बेधड़क आवाजाही और पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली को लेकर बुधवार को लालकुआं में भारी बवाल देखने को मिला। ऊंचाई तक पराल (पुआल) से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की चपेट में आने से बिजली का पोल क्षतिग्रस्त होने के मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष (चेयरमैन) सुरेंद्र सिंह लोटनी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। चेयरमैन ने पुलिस पर उनके साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगाते हुए दर्जनों समर्थकों के साथ कोतवाली परिसर में धरना शुरू कर दिया।

ओवरलोड ट्रॉली की टक्कर से टेढ़ा हुआ विद्युत पोल, बड़े हादसे की बनी आशंका

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह नगर पंचायत चेयरमैन सुरेंद्र सिंह लोटनी को सूचना मिली कि कोतवाली के ठीक बगल वाली सड़क से पराल से लदी कई ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां गुजर रही हैं। इन ट्रॉलियों की वजह से सड़क किनारे लगे विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए और एक पोल खतरनाक तरीके से टेढ़ा हो गया, जिससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा होने का खतरा बन गया।
सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचे चेयरमैन ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रुकवाया और इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी।

1 घंटे देरी से पहुंची पुलिस, कोतवाल पर धक्का-मुक्की और ओवरलोड वाहनों को छोड़ने का आरोप

चेयरमैन लोटनी का आरोप है कि कोतवाली महज चंद कदमों की दूरी पर होने के बावजूद पुलिसकर्मी सूचना देने के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे। इसके कुछ देर बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा भी वहां पहुंचे।
इस दौरान ओवरलोडिंग और पुलिस की देरी पर चेयरमैन और कोतवाल के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई। चेयरमैन ने आरोप लगाया कि कोतवाल ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने भी अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस ने ओवरलोड ट्रॉलियों का चालान या कानूनी कार्रवाई करने के बजाय उन्हें छोड़ दिया और गंतव्य की ओर रवाना कर दिया।

फेसबुक लाइव के जरिए जताया विरोध, कोतवाली में समर्थकों संग दिया धरना

घटना से बेहद आक्रोशित चेयरमैन सुरेंद्र सिंह लोटनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर ‘लाइव’ आकर पुलिस प्रशासन की कार्यशैली के खिलाफ अपना कड़ा विरोध जताया। इसके बाद दोपहर में वे दर्जनों समर्थकों और स्थानीय निवासियों के साथ कोतवाली पहुंचे और मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए।
कोतवाली परिसर में समर्थकों की मौजूदगी से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने चेयरमैन को समझाने और मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अपनी जिद्द पर अड़े रहे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: बेटियों के शादी के कार्ड बांटने निकले चुन्नीलाल के बाद ममेरे भाई भोला की भी सड़क हादसे में मौत; परिवार में छाया दुखों का पहाड़