उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मूसलाधार बारिश से जनजीवन बेहाल: बेलगढ़ नाले के उफान में बहने से बचा बाइक सवार, भूस्खलन से 25 सड़कें बंद
नैनीताल/चमोली। उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। नैनीताल और चमोली जिलों में मूसलाधार बारिश और भूस्खलन के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रामनगर-हल्द्वानी राज्य मार्ग पर बेलगढ़ नाला उफान पर आने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जबकि चमोली जिले के थराली-देवाल मोटर मार्ग पर पहाड़ी का एक हिस्सा टूटने से आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।
रामनगर में उफान पर बेलगढ़ नाला, बहते-बहते बचा बाइक सवार
रामनगर क्षेत्र में तेज बारिश के बाद रामनगर-हल्द्वानी राज्य मार्ग पर स्थित बेलगढ़ बरसाती नाला अचानक रौद्र रूप में आ गया। पानी के तेज बहाव के बीच नाला पार करने का प्रयास कर रहा एक बाइक सवार अचानक अनियंत्रित होकर बहने लगा, जिसे मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बचा लिया। नाले के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
नैनीताल जिले में 5 राज्य मार्ग समेत 20 ग्रामीण सड़कें बाधित, प्योरा में 154 मिमी बारिश
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, नैनीताल जिले में प्योरा क्षेत्र में सर्वाधिक 154 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा कालाढूंगी में 102 मिमी, खनस्यू में 62 मिमी और हल्द्वानी में 50 मिमी बारिश हुई। लगातार बारिश के चलते जिले में 5 राज्य मार्ग और 20 ग्रामीण सड़कें बाधित हैं। भवाली और रामनगर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों समेत हल्द्वानी-चोरगलिया मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन द्वारा मार्गों को खोलने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
चमोली में थराली-देवाल मार्ग पर पहाड़ी का हिस्सा गिरा
चमोली जिले में थराली-देवाल मोटर मार्ग पर नंदकेसरी और कोठी के बीच अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही कि घटना के समय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। पहाड़ी से लगातार मलबा व पत्थर गिरने के बावजूद लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम जेसीबी मशीनों की मदद से मार्ग को सुचारू करने में जुटी है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

